India Zimbabwe Tour: क्या संजू सैमसन को टीम से बाहर किया गया? बीसीसीआई ने किया खुलासा, दी ये सफाई
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम से संजू सैमसन को बाहर किए जाने पर बवाल मच गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने आलोचकों को खरी-खोटी सुनाते हुए 'होमवर्क' करने की सलाह दी है।
विस्तार
इस महीने के आखिर में जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम में सबसे ज्यादा चर्चा संजू सैमसन के नाम को लेकर हुई। इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में शामिल कई बल्लेबाजों को टीम में जगह मिली, लेकिन सैमसन का नाम सूची में नहीं था। बीसीसीआई ने उनके बाहर होने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई। इंग्लैंड दौरे पर मौजूद छह खिलाड़ियों को जिम्बाब्वे दौरे के लिए नहीं चुना गया, जिनमें सैमसन भी शामिल रहे।
संजू सैमसन की जगह किसे मौका मिला?
संजू सैमसन की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को टीम में शामिल किया गया। प्रभसिमरन ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। वह 2023 एशियाई खेलों में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
क्या खराब फॉर्म भी बना बाहर होने की वजह?
इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में संजू सैमसन की जगह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। इसके साथ ही वैभव भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए और उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
सैमसन का प्रदर्शन भी उनके पक्ष में नहीं रहा। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो और इंग्लैंड के खिलाफ डरहम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में एक बार नाकाम रहे, जिसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया।
अच्छे प्रदर्शन के बावजूद चयनकर्ताओं ने क्या फैसला लिया?
31 वर्षीय संजू सैमसन को टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने दो शतक लगाए थे। हालांकि वैभव सूर्यवंशी के उभरने और उन्हें लगातार मौके देने की सोच के चलते चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में सैमसन को शामिल नहीं किया।
पीटीआई से बातचीत में एक वरिष्ठ सूत्र ने कहा कि लोगों को यह जानना चाहिए कि संजू सैमसन सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों की टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में जो लोग चयन समिति की आलोचना कर रहे हैं, उन्हें पहले थोड़ा होमवर्क कर लेना चाहिए। जब उन्हें इस दौरे पर खिलाना ही नहीं था तो उन्हें टीम में रखने का क्या मतलब? वह टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं।
किन खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिली?
संजू सैमसन के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई को भी जिम्बाब्वे दौरे के लिए नहीं चुना गया। हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंगटन सुंदर इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इसी वजह से वे जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं जाएंगे।
हालांकि कुछ खिलाड़ियों को आराम दिए जाने की चर्चा भी हो रही है, लेकिन इस पर सवाल उठ रहे हैं। हर्षित राणा हाल ही में चोट से वापसी कर टीम में लौटे हैं, ऐसे में उन्हें आराम दिए जाने की दलील पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं रवि बिश्नोई भी लंबे समय बाद भारतीय टीम में लौटे थे, इसलिए उनके मामले में भी 'आराम' वाली वजह कई लोगों को तर्कसंगत नहीं लग रही है।
किन खिलाड़ियों की हुई वापसी?
निचले क्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह और तेज गेंदबाज मयंक यादव की भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई है। भारतीय टीम 23, 25 और 27 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलेगी। सभी मुकाबले हरारे में आयोजित होंगे।
भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।