क्लीन स्वीप जाएगी बेकार, काम नहीं आएगी टीम इंडिया की मेहनत
आगामी 5 जून से टीम इंडिया मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों में व्यस्त हो जाएगी। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में अगर भारतीय टीम जिम्बाब्वे का वनडे में 3-0 से सफाया भी कर देती है तो भी उसे कुछ फायदा नहीं मिलने वाला।
इस वक्त टीम इंडिया वनडे में 109 अंकों के साथ चौथे पायदान पर है। जबकि उससे ऊपरी पायदान वाली टीमें अंकों में काफी आगे है। अगर भारत तीन मैच जीतता है तो उसे सिर्फ एक अंक का ही फायदा होगा।
अगर तीन में से दो मैच जीतेगी तो होगा नुकसान
अगर भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे में क्लीन स्वीप करने में विफल हो जाती है और 2-1 से सीरीज अपने नाम कर देती है तो उसकी वनडे रैकिंग में 1 अंक का नुकसान होगा। हालांकि अंक 109 से 108 होने के बाद भी उसकी रैकिंग में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस वक्त वनडे रैकिंग में पांचवें नंबर पर श्रीलंकाई टीम भारत से 5 अंक पीछे है।
पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया 124 अंकों के साथ वनडे में टॉप पर है। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका क्रमश 113 और 112 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे पायदान पर हैं।