वॉर्मअप मैच में ही बांग्लादेश से हारते-हारते बचा पाकिस्तान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप से पहले सभी टीमों को 2-2 वॉर्मअप मैच खेलने हैं। वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया अपने पहले वॉर्मअप मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के हाथों बुरी तरह से हार गई। कंगारुओं के आगे टीम इंडिया के खिलाड़ी कुछ भी चुनौती पेश नहीं कर सके।
वॉर्मअप मैच के पहले दिन भारत की हार के बाद दूसरे दिन पाकिस्तान को अपना अभ्यास मैच खेलना था और वह भी उलटफेर में माहिर बांग्लादेश के खिलाफ। बांग्लादेश ने इस बार भी निराश नहीं किया और अभ्यास मैच में ही पूर्व वर्ल्ड चैंपियन पाक का पसीना बहा दिया। बांग्ला चुनौती के आगे पाक अंत तक संघर्ष करता रहा हालांकि जीत पाक टीम के ही हाथ लगी।
वहीं इंग्लैंड ने 50-50 ओवर के मैच में महज 23 ओवर के अंदर ही लक्ष्य हासिल कर 2 बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को हरा दिया।
भारत का अगला अभ्यास मैच अब मंगलवार को अफगानिस्तान के साथ है। उम्मीद है कि टीम इंडिया इस उभरती टीम के खिलाफ एकजुट प्रदर्शन कर जीत हासिल करते हुए वर्ल्ड कप में अपनी चुनौती पेश करे। भारत और पाकिस्तान 15 फरवरी को वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के खिलाफ उतरकर अपनी-अपनी चुनौती पेश करेंगे।
वॉर्मअप मैच चमके वोग्स, फिसड्डी साबित हुए विंडीज
सिडनी में खेले गए एक अभ्यास मैच में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 163 गेंद शेष रहते वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंद दिया। त्रिकोणीय सीरीज के खिताबी जंग में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मात खाने के बाद इंग्लैंड ने आज सुधरा हुआ खेल दिखाया। दूसरी ओर, कैरेबियाई टीम का प्रदर्शन एक बार फिर बेहद लचर दिखा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में लगातार 2 गेंदों में क्रिस गेल और डेरेन ब्रॉवो का विकेट गंवा दिया। दोनों ही बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। तेज गेंदबाज क्रिस वोग्स ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम के 5 बल्लेबाजों को महज 19 रन देकर पवेलियन की राह दिखा दी।
वोग्स की घातक गेंदबाजी के कारण कैरेबियाई टीम मैच में उबर ही नहीं सकी और पूरी टीम 29.3 ओवर में 122 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से लिंडल सिमंस ने सर्वाधिक 45 रनों की पारी खेली।
50 ओवर में जीत के लिए मिले महज 123 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 22.5 ओवर में एक विकेट खोकर 125 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। मोइन अली ने सर्वाधिक 46 रनों का योगदान दिया।
सोहैब मकसूद की साहसिक पारी ने टाली पाक की हार
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद बांग्लादेश ने पहले ही ओवर में अपना विकेट गंवा दिया। हालांकि ओपनर तमीम इकबाल और महमुदुल्लाह ने तीसरे विकेट के लिए 168 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाल दिया। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने-अपने अर्धशतक भी जमाए लेकिन शतक से चूक गए। तमीम 81 और महमुदुल्लाह 83 रन बनाकर आउट हुए।
इस जोड़ी के टूटने के बाद पाक गेंदबाजों ने अन्य बल्लेबाजों को टिकने का मौका ही नहीं दिया और नियमित अंतराल पर विकेट झटकते रहे। तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान ने 52 रन देकर 5 विकेट झटके जबकि यासिर शाह को 2 सफलता हाथ लगी। बांग्लादेश की पूरी टीम 49.5 ओवर में 246 रन बनाकर आउट हो गई।
247 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाक टीम ने 8 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 2 विकेट गंवा दिए। बांग्ला गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 43 ओवर में 199 रनों के अंदर पाक के 6 विकेट झटक लिए। पाक पर हार का संकट लगातार मंडरा रहा था। पहले भी बांग्लादेश पाक को हराकर उलटफेर कर चुका था।
ऐसे में सोहैब मकसूद ने एक छोर संभालते हुए रनों के बनाने का सिलसिला जारी रखा और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाते रहे। वह 93 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि अनुभवी युनूस खान 25, उमर अकमल 39, कप्तान मिस्बाह-उल-हक 10 और शाहिद अफरीदी 24 रन बनाकर चलते बने। मकसूद ने आज 93 रनों की संघर्षपूर्ण पारी नहीं खेली होती तो पाक को हार का सामना करना पड़ जाता।
पाक ने 11 गेंदें शेष रहते 7 विकेट खोकर 247 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया।