कप्तान कोहली समेत 3 बल्लेबाजों ने जमाई फिफ्टी, टीम जीत की ओर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टेस्ट सीरीज से पहले के अभ्यास मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया और कप्तान विराट कोहली समेत 3 बल्लेबाजों ने फिफ्टी ठोंक दी।
3 दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड अध्यक्ष एकादश ने एक विकेट पर 26 रन बना लिए है। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम 158 रन पीछे है। इससे पहले भारतीय टीम 364 रन बनाकर आउट हो गई थी। बल्लेबाजों ने काफी सधे हुए अंदाज अभ्यास किया।
टेस्ट से पहले अभ्यास मैच में जीत के लिए तीसरे और अंतिम दिन भारतीय गेंदबाजों को शानदार गेंदबाजी करनी होगी और 9 विकेट झटकने होंगे। पहला अभ्यास मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था। 21 से एंटीगा में होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व भारतीय टीम के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने में कारगर हो सकती है।
दूसरी पारी में मेजबान टीम को झटका आर अश्विन ने दिया। कप्तान ल्योन जॉनसन (17) का विकेट गिरने के साथ ही दूसरे दिन का खेल खत्म कर दिया गया। इससे पहले शुरुआती दिन भी भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का विकेट गिरते ही मैच को खत्म करा दिया गया था।
धवन को छोड़ सभी 10 बल्लेबाजों ने पार किया दहाई का आंकड़ा
अभ्यास मैच के दूसरे दिन भारत ने अपने पहले दिन के स्कोर 3 विकेट पर 93 रन से आगे खेलना शुरू किया। लोकेश राहुल ने कप्तान विराट कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 88 रनों का साझेदारी की और क्रीज पर टिककर अभ्यास किया। इस बीच लोकेश ने फिफ्टी ठोंक दी और फिर लंच के तुरंत बाद 64 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए।
कोहली ने भी फिफ्टी ठोंकी। लेकिन 51 रन पर आउट हो गए। लोकेश और कोहली के अलावा रविंद्र जडेजा ने भी 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इन 3 अर्धशतकों के अलावा अजिंक्य रहाणे (32), स्टुअर्ट बिन्नी (16), रिदिमान साहा (31), आर अश्विन (26) और अमित मिश्रा (नाबाद 10) ने भी क्रीज पर कुछ देर टिककर बल्लेबाजी का अभ्यास किया।
इस बीच मेजबान टीम के फिरकी गेंदबाज राहकीम कार्नवाल ने भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने की कोशिश की और कप्तान कोहली समेत 5 विकेट झटक लिए। शिखर धवन को छोड़ सभी 10 बल्लेबाजों ने दहाई का आंकड़ा पार किया था।
मेजबान टीम की पहली पारी पहले दिन 180 रन पर ढेर हो गई थी। लोकेश राहुल राहुल पहले दिन 30 रन पर नाबाद लौटे थे। चेतेश्वर पुजारा पहले दिन की आखिरी गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए थे। भारत ने पहले दिन स्टंप्स तक तीन विकेट पर 93 रन बनाए थे।
इस दौरान कोहली किसी प्रकार की जल्दबाजी में नहीं दिखे और वह इस अभ्यास मुकाबले में धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी कर रहे थे। पहले अभ्यास मुकाबले में कोहली 14 रन ही बना सके थे। ओपनर मुरली विजय (23) और शिखर धवन (09) खराब शॉट खेलकर आउट हुए। राहुल और कोहली ने दूसरे दिन के खेल के पहले घंटे में 50 रन की साझेदारी की।