190 करोड़ की लागत से अब विराट खोलेंगे जिम!
भारतीय क्रिकेट के टीम के बल्लेबाज विराट कोहली अब देश भर में जिम और फिटनेस सेंटर खोलने जा रहे हैं। इन जिम और फिटनेस सेंटर में विराट कोहली के साझेदार सत्या सिन्हा ने बताया कि तीन साल में 75 जिम और फिटनेस सेंटर खोलने के लिए 190 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इन जिम और फिटनेस सेंटर को च़िजल नाम से लांच किया जाएगा।
च़िजल फिटनेस के निदेशक सत्या सिन्हा ने बताया कि हम जिम को अलग-अलग सुविधाओं के साथ खोलेंगे। इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्पोर्ट्स बेस्ड विशेषज्ञों से बातचीत की जा रही है। च़िजल फिटनेस की शुरूआत बेंगलुरू से हुई है।
चिज़ल इंडिया की कॉमर्शियल और मार्केटिंग पाटर्नर फ्रेंचाइज इंडिया के चेयरमैन गौरव मारया ने बताया कि ये जिम अभी एक शुरुआत है। इसके आगे फिटनेस को लेकर कपड़ों की रेंज और टेक वियरएब्लस भी लांच किए जाएंगे।
इंडस्ट्री 1300 करोड़ के पार पहुंच चुकी
टेक्नोपेक रिटेल कंसलटेंसी के संस्थापक अरविंद सिंघल ने कहा कि देश में फिटनेस इंडस्ट्री का कारोबार बहुत तेजी से बढ़ रहा है। ब्रांडेड फिटनेस इंडस्ट्री 1300 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। इन दिनों फिटनेस सेंटर, टॉप टेन शहरों से आगे निकल रहे हैं। इसके अलावा इस वेंचर में निवेश के अलावा विराट कोहली की ब्रांड वैल्यू भी काफी महत्व रखती है। यह इस फिटनेस सेंटर की सफलता की एक अहम बात भी बन सकती है।
इससे पहले कोहली ने एफसी गोवा की फ्रेंचाइजी में भी 1 करोड़ का निवेश किया था। विरोट कोहली का इस क्षेत्र में आना, इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी भी स्पोर्ट्स फिट और युवराज सिंह व्योमो नाम की कंपनी में निवेश कर चुके हैं। वहीं रॉबिन उथप्पा ने फूड कंपनी आई टिफिन में निवेश किया है।