टी-20: कोहली-युवी इस बार लगाएंगे टीम की नैय्या पार?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस साल टीम इंडिया के सबसे सफल टी-20 जोड़ीदारों में युवराज सिंह और विराट कोहली सबसे अव्वल चल रहे हैं। क्या वे वर्ल्ड कप में टीम की नैय्या पार लगा सकेंगे?
हालांकि अगर ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह की जोड़ी भारत की सबसे सफल टी-20 जोड़ी है। इस जोड़ी ने 2006 से अभी तक 5 बार फिफ्टी रनों की साझेदारी की है।
वहीं, सबसे ज्यादा रनों के मामले में रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली की जोड़ी नंबर वन है। 2 अक्टूबर 2015 में इस जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 138 रनों की शतकीय साझेदारी की थी।
इसी साल विराट कोहली के साथ युवराज दो बार अर्धशतकीय पार्टनरशिप कर चुके हैं। इत्तेफाक से दोनों दफे पाकिस्तान के खिलाफ ही ये चमके और टीम की नैय्या भी पार लगाई। पहले एशिया कप में और दूसरी बार शनिवार को हुए वर्ल्ड कप लीग मैच के दौरान।
कोहली और युवराज के बीच की लाजवाब साझेदारी उस वक्त हुई है जब भारतीय टीम हार के संकट से जूझ रही थी और अपने अहम विकेट गंवा चुकी थी।
इस साल दो बार संकट से बचा चुके हैं युवी-कोहली
एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ पहले ही ओवर में भारत ने अपने दोनों ओपनरों रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे का विकेट गंवाया था। फिर कुछ ही देर में सुरेश रैना भी आउट हो गए। उस वक्त युवी और कोहली ने 68 रनों की सूझ-बूझ भरी साझेदारी की और टीम को जीत के द्वार तक पहुंचाया। इस जीत के साथ ही भारत फाइनल में पहुंचा और एशिया कप फतह किया।
शनिवार को कोलकाता में हुए वर्ल्ड कप के लीग मुकाबले में भी यही देखने को मिला। लगातार दो विकेट गंवाकर टीम इंडिया हार के कगार पर थी, लेकिन कोहली और युवी की जोड़ी ने फिर कमाल किया और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
अब टीम इंडिया की नजरें वर्ल्ड कप के आगामी लीग मुकाबलों पर है। उसका मुकाबला बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से होना है। भारतीय प्रशंसकों की आशाएं एक बार फिर इन दोनों पर हैं कि आगामी मुकाबलों में ये टीम इंडिया की एक बार फिर नैय्या पार लगाएंगे।