इस साल खूब चल रही कप्तान कोहली और बारिश की 'जुगलबंदी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऐसा लगता है कि टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान विराट कोहली का बारिश के साथ कुछ अनोखा ही रिश्ता है। कम से कम फातुल्लाह टेस्ट में लगातार बारिश से यही कहा जा सकता है।
फातुल्लाह टेस्ट के पहले दिन बारिश के कारण लगभग 35 ओवर का खेल नहीं हो सका। इसके बाद मैच के दूसरे दिन के खेल की शुरुआत से पहले ही इतनी बारिश हो रही थी कि खेल कराना मुनासिब नहीं समझा गया और टी-ब्रेक से पहले अंपायरों ने आज का खेल रद्द कर दिया। मैदान इस कदर गीली हो गई थी कि ग्राउंडस्टॉफ ने भी आज के मैच के लिए अपने प्रयास खत्म कर दिए थे।
इससे पहले भी आईपीएल मैच के दौरान कप्तान कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कई मैच बारिश की भेंट चढ़े थे। हालांकि यही बारिश आरसीबी के लिए फायदेमंद साबित हो गई और टीम बारिश के दम पर कोलकाता नाइटराइडर्स को बाहर कर प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब हो गई।
इस साल मैदान पर कप्तान कोहली और बारिश की जुगलबंदी खूब चली है। आईपीएल में उन्हें इसका फायदा मिला लेकिन टेस्ट मैच में घाटा उठाना पड़ सकता है।
आईपीएल-8 में बारिश में लगातार भीगती रही रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर की टीम
आईपीएल-8 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कई मैचों में बारिश ने जबर्दस्त खलल डाली थी। बारिश और कोहली के संयोग की शुरुआज 22 अप्रैल को हुई जब बंगलुरू में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में बारिश ने समय से खेल शुरू होने नहीं दिया। फिर 29 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में बारिश ने इस कदर जोर पकड़ा कि मैच को ही रद्द करना पड़ गया।
टूर्नामेंट का एक और मैच आरसीबी का और उसमें खलल डाला बारिश ने। 2 मई को 33वें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में बारिश ने बंगलोर की जीत दिलाई। 15 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में बारिश आई और मैच गया आरसीबी के पक्ष में।
17 मई को एक और मैच बारिश की भेंट चढ़ा। बंगलुरू में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मैच में 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोहली की टीम की पारी के दौरान बारिश इतनी तेज हुई कि एक ओवर के बाद आगे का खेल नहीं हो सका। इस रद्द हुए मैच का फायदा आरसीबी को मिला और टीम प्लेऑफ में पहुंच गई।
यानी की कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर टीम के टूर्नामेंट में खेले अपने 16 मैचों में 5 मैचों में बारिश ने बाधा डाली थी। हालांकि आईपीएल में बारिश का फायदा रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को मिला लेकिन कोहली को इस टेस्ट मैच में यह फायदा नहीं मिलने वाला क्योंकि दो दिन धुलने के बाद अब बांग्लादेश के खिलाफ मैच ड्रॉ की ओर बढ़ गया है।
तो कप्तान कोहली का इंतजार और बढ़ जाएगा?
विराट कोहली पिछले साल के अंत में टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान बने हैं। साल के अंत में महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था जिसके बाद कोहली को टेस्ट टीम का कप्तान बना दिया गया। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में 2 टेस्ट मैच खेले जिसमें एक में हार मिली और एक मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।
वैसे टेस्ट टीम के कप्तान बनने से पहले 2013 से ही कुछ वनडे मैचों में टीम इंडिया की अगुवाई कर चुके थे। वह जुलाई, 2013 में पहली बार वेस्टइंडीज दौरे पर त्रिकोणीय सीरीज के दौरान वनडे टीम के कप्तान बने थे, फिर वह जिम्बाब्वे दौरे पर भी वनडे कप्तान के रूप में गए।
2014 में भी वह श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम इंडिया की अगुवाई की थी। वनडे में बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड अच्छा है लेकिन आईपीएल में बारिश से फायदा उठाने वाले विराट कोहली के लिए टेस्ट मैच में बारिश का खलल अच्छा नहीं होगा।
बारिश के कारण दो दिन का खेल धुल चुका है और आगे भी बारिश होने की संभावना है ऐसे में यह मैच ड्रॉ पर खत्म हो सकता है। ड्रॉ पर मैच खत्म होने की स्थिति में उनकी कप्तानी में टेस्ट मैच में पहली जीत का इंतजार और बढ़ जाएगा। बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र यही टेस्ट खेला जाना है, जबकि जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर भारत को टेस्ट मैच नहीं खेलना है। इस लिहाज से कोहली को टेस्ट में अपनी पहली जीत का लंबा इंतजार करना होगा।
यह मैच अगर ड्रॉ पर खत्म होता है तो भी टीम इंडिया को तगड़ा झटका लगेगा क्योंकि इससे उसके 2 अंक घट जाएंगे और 97 अंक हो जाएंगे। लेकिन टीम औसत के आधार पर इंग्लैंड और पाकिस्तान से ऊपर रहेगी। इन दोनों टीमों के 97-97 अंक हैं और संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं।
जबकि अगर भारत यह मैच जीत जाता है तो उसे एक अंक मिलेंगे लेकिन उसकी रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं होगा और तीसरे नंबर पर उसका स्थान पक्का हो जाएगा। लेकिन हारने की सूरत में टीम इंडिया के 95 अंक हो जाएंगे और तीसरे से सातवें स्थान पर लुढ़क जाएगी।