विराट कोहली के जवाब से 'तमतमा' गया होगा ऑस्ट्रेलिया!
मेलबर्न टेस्ट मैच के तीसरे दिन विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना करते हुए बल्लेबाजी की और दोनों ने शानदार शतक भी लगाए। कोहली (169) के टेस्ट करियर का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।
लेकिन उनके लिए यह बल्लेबाजी बेहद आसान नहीं रही क्योंकि दूसरे छोर पर ऑस्ट्रेलियाई क्षेत्ररक्षक इन बल्लेबाजों पर लगातार भब्तियां कस रहे थे और उन्हें बिगड़ैल बच्चा कहकर पुकारते रहे।
दिन के अंतिम ओवर में मिचेल जॉनसन की गेंद पर कैच आउट होने वाले विराट कोहली ने बल्लेबाजी के दौरान बल्ले से जवाब दिया और फिर जब तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया तो उन्होंने मैदान के बाहर भी अपनी भड़ास निकाली। कोहली वैसे भी अपने गरम मिजाज के लिए जाने जाते हैं और मैदान पर ही कई बार अपनी भावनाओं का इजहार करते रहे हैं। मेलबर्न टेस्ट में उन्होंने ऐसा ही किया और अपनी शानदार बल्लेबाजी का श्रेय भी उन्होंने अपनी इसी खासियत को दिया।
'दिनभर कंगारुओं की भब्तियों ने दिया प्रोत्साहन'
मैदान पर हुई झड़प को लेकर विराट कोहली ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने मुझे बिगड़ैल बच्चा कहकर बुलाया और इसी वजह से मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सामने आ सका। वह पूरे दिन मुझे यही कहकर बुलाते रहे और मैंने उनसे कहा कि मैं ऐसा ही हूं। आप मुझसे नफरत करते हैं और मुझे यही बात पसंद है।"
उन्होंने आगे कहा, "दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए चुप रहना मुश्किल है और मुझे भी मैदान पर बातचीत करने में कोई समस्या नहीं है। मुझे लगता है कि यह बात मेरे ही पक्ष में रही है।"
जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वह ऑस्ट्रेलियाई टीम का सम्मान करते हैं तो कोहली बोले, "कुछ खिलाड़ियों के साथ मेरी दोस्ती है और मैं उनका सम्मान भी करता हूं। मगर जहां तक मिचेल जॉनसन की बात है तो जो मेरा सम्मान नहीं करता मुझे भी उसका सम्मान करने का कोई कारण नहीं दिखता। वैसे भी मैं यहां क्रिकेट खेलने आया हूं किसी का सम्मान अर्जित करने नहीं।"
शतक से पहले कोहली को भड़काया था जॉनसन ने
उन्होंने आगे कहा, "आप अजिंक्य रहाणे को देखिए जिन्होंने मुझसे पहले शतक पूरा कर लिया। इस बात का कोई मतलब नहीं था कि मैं उन्हें उनका खेल बदलने के लिए कहता। बल्कि मैं तो तब आश्चर्यचकित रह गया जब उन्होंने जॉनसन की गेंदों पर जगह बनाकर उम्दा शॉट खेले। इसी सकारात्मक सोच की वजह से हम बढ़िया साझेदारी निभा सके।"
तीसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान कोहली एक बार फिर भड़क गए। दरअसल मिचेल जॉनसन की गेंद पर कोहली ने रिटर्न शॉट खेला जिसे फॉलर थ्रू में फील्ड कर जॉनसन ने सामने स्टंप पर मारने की कोशिश की। गेंद स्टंप में न लगकर विराट को जा लगी। जॉनसन ने तुरंत हाथ उठाकर इसके लिए खेद भी जता दिया, लेकिन कोहली आपा खो बैठे और जॉनसन को भला बुरा कह दिया।
यह सब भारतीय पारी के 83वें ओवर में हुआ। कोहली उस समय सीरीज के अपने तीसरे शतक से 16 रन दूर थे। इसके बाद कोहली का ध्यान भंग हुआ और दो ओवर बाद जॉनसन के ही ओवर में गेंद बैट का किनारा लेते हुए पहले स्लिप में शेन वॉटसन की ओर चली गई। हालांकि कोहली भाग्यशाली रहे और वॉटसन के हाथों से गेंद छिटक गई। कोहली उस समय 88 रन पर थे। हालांकि इसके बाद विराट ने फिर से लय हासिल कर ली और करियर की सबसे बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहे।