टीम इंडिया से घरेलू मैदान पर शिकस्त खाने के बाद अब कंगारुओं की सेना हार का बदला लेने के इरादे से भारत आ रही है। इस दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को दो टी-20 मुकाबलों के अलावा पांच मैचों की टी-20 सीरीज भी खेलनी है। आइए जानते हैं इस दौरे पर कौन से खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल से टीम इंडिया को सबसे ज्यादा संभलकर रहना होगा। बल्लेबाजी से कहर बरपाने वाला यह खिलाड़ी स्पिन गेंदबाजी में भी चकमा देने में माहिर है। बिग बैश लीग में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाले मैक्सवेल इन दिनों जबर्दस्त फॉर्म में है।
आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब से बड़ी पहचान बनाने वाले ऑलराउंडर खिलाड़ी मार्कस स्टोइनिस आज भारत के लिए ही सबसे बड़ा खतरा बन गया है। स्टोइनिस बल्ले और गेंद दोनों से किसी भी वक्त मैच का रुख पलटने में माहिर हैं। टी-20 और वन-डे दोनों ही फॉर्मेट में खिलाड़ी ने पिछले कुछ समय में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
बाएं हाथ का कंगारू बल्लेबाज शॉन मार्श जितना खतरनाक तेज गेंदबाजों के लिए है उतना ही स्पनिर्स के लिए भी। टीम इंडिया के खिलाफ कंगारू इस तूफानी बल्लेबाज को चौथे नंबर पर उतार सकते हैं। फैंस को बता दें कि पिछले 10 वन-डे मुकाबलों में मार्श चार शतक ठोक चुके हैं।
लिमिटेड ओवर्स के फॉर्मेट में एडम जाम्पा ऑस्ट्रेलिया के नंबर-1 स्पिनर हैं। टी-20 और वन-डे में जाम्पा का प्रदर्शन काफी अच्छा है। अपनी फिरकी के दम पर मैच का पासा किसी भी वक्त पलट सकते हैं। बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स को फाइनल तक पहुंचाने में जाम्पा की काफी अहम भूमिका रही थी।