जिम्बाब्वे पर 'क्लीन स्वीप' ने रखी टीम इंडिया की 'लाज'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछले दिनों खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में मिली क्लीन स्वीप ने टीम इंडिया की लाज रख ली। इस शानदार जीत के साथ टीम इंडिया ने वनडे में अपना दूसरा स्थान बरकरार रखा।
भारतीय क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे से वनडे सीरीज 3-0 से जीतने के बाद आईससी की एकदिवसीय टीम रैंकिंग में दूसरे स्थान पर कायम है। भारत के 115 रेटिंग अंक है और वह शीर्ष पर चल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम से 14 रेटिंग अंक पीछे है। वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के कुल 129 रेटिंग अंक हैं।
दूसरी ओर, लगातार चार वनडे सीरीज जीतकर बांग्लादेश सातवें स्थान पर पहुंच गया है। उसके 2017 में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। बांग्लादेश ने अपनी घरेलू सरजमीं पर बुधवार को दक्षिण अफ्रीका से 2-1 से सीरीज जीती। बांग्लदेश के हाथों पहली बार सीरीज गंवाने वाली अफ्रीकी टीम ने अपना चौथा स्थान बचाए रखा है जबकि उसे 3 अंकों का नुकसान हुआ और 109 अंक हो गए हैं।
गेंदबाजी में शीर्ष 100 में शामिल नहीं हो सके हरभजन
वनडे रैंकिंग में शीर्ष 10 में भारत के 3 बल्लेबाज शामिल हैं। बल्लेबाज विराट कोहली चौथे जबकि शिखर धवन सातवें स्थान पर हैं। वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नौंवे स्थान पर बरकरार हैं। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज एबी डिविलियर्स शीर्ष पर बरकरार हैं।
जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने वाले बांग्लादेश के बल्लेबाज सौम्य सरकार ने बल्लेबाजी रैंकिंग में जबर्दस्त उछाल पाया है। सरकार को 35 स्थान का फायदा हुआ और 671 अंकों के साथ वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गए। अब वह 15वें नंबर पर आ गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के डिविलियर्स पहले स्थान पर हैं जबकि उनकी टीम के कप्तान हाशिम अमला तीसरे नंबर पर बने हुए हैं।
वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में भारत का कोई भी गेंदबाज शीर्ष दस में नहीं है। गेंदबाजी में बांग्लादेश के गेंदबाज शाकिब अल हसन एक स्थान के फायदे के साथ सातवें नंबर पर आ गए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन से एक स्थान से पीछे हैं।
भारतीय गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार चार स्थान की उछाल के साथ 12वें नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने सीरीज में 80 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके साथी खिलाड़ी अक्षर पटेल, मोहित शर्मा और हरभजन सिंह की रैंकिंग में फायदा हुआ है।
टीम से लंबे समय तक बाहर होने के कारण अनुभवी गेंदबाज हरभजन शीर्ष 100 गेंदबाजों की सूची से बाहर हो गए थे और 154वें स्थान तक खिसक गए थे। इस सीरीज से वह शीर्ष 100 के करीब आ गए लेकिन अभी भी वह 101वें पायदान पर हैं।