टी20 विश्व कप: श्रीलंका की दूसरी जीत पर नजर, आयरलैंड खिलाफ मुकाबला आज
आज श्रीलंका का मुकाबला आयरलैंड से है। श्रीलंका और आयरलैंड दोनों टीमें इस मुकाबले में बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी क्योंकि इन्होंने अपने पहले मुकाबलों में क्रमश: नामीबिया और नीदरलैंड को सात विकेट के समान अंतर से हराया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व चैंपियन श्रीलंका का सामना बुधवार को टी20 विश्व कप के पहले दौर के ग्रुप मुकाबले में यहां आयरलैंड से होगा और इस मैच की विजेता टीम सुपर 12 में जगह बनाने के करीब पहुंच जाएगी।
श्रीलंका ने अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत नामीबिया के खिलाफ आसान जीत दर्ज की जबकि आयरलैंड ने नीदरलैंड पर हर विभाग में दबदबा बनाया और इस दौरान तेज गेंदबाज कर्टिस कैंफर ने चार गेंद में चार विकेट भी चटकाए। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका को पता है कि आयरलैंड के खिलाफ उनकी राह आसान नहीं होगी और उनकी टीम को इस मुकाबले में गलती करने से बचना होगा।
इस पूर्व चैंपियन टीम को अपने सलामी बल्लेबाजों कुसाल परेरा और पाथुम निसांका के अलावा अनुभवी दिनेश चांदीमल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। अविष्का फर्नांडो और भानुका राजपक्षे नामीबिया के खिलाफ विपरीत अंदाज में खेल पारियों से दिखा चुके हैं कि वे क्या करने में सक्षम हैं।
श्रीलंका की गेंदबाजी मजबूत
महेश थेकशाना और वानिंदु हसारंगा की स्पिन जोड़ी ने नामीबिया के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था और टूर्नामेंट में श्रीलंका की सफलता काफी हद तक इन दोनों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। लाहिरू कुमारा, करूणारत्ने और दुष्मंता की मौजूदगी में टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण भी मजबूत है। कप्तान शनाका को हालांकि अपने तेज गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
आयरलैंड की बल्लेबाजी की परीक्षा
दूसरी तरफ कैंफर की शानदार गेंदबाजी की बदौलत नीदरलैंड को हराने के बाद आयरलैंड की टीम श्रीलंका की चुनौती के लिए तैयार होगी। कैंफर और उनके साथी गेंदबाजों को बुधवार को अपने प्रदर्शन को दोहराना होगा। उन्हें श्रीलंका के बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा जिसमें अनुभव और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
श्रीलंका के खिलाफ आयरलैंड की गेंदबाजी से अधिक उसकी बल्लेबाजी की परीक्षा होगा। श्रीलंका के गेंदबाजी आक्त्रस्मण में विविधता है और उसके स्पिनर काफी प्रभावी साबित हो सकते हैं।
नामीबिया के खिलाफ आज खाता खोलने उतरेगा नीदरलैंड
आयरलैंड के हाथों शर्मनाक हार से उबरकर नीदरलैंड टी20 विश्व कप के पहले दौर के मैच में बुधवार को नामीबिया जैसी नई टीम को हराकर खाता खोलना चाहेगा। आयरलैंड के तेज गेंदबाज कुर्टिस कैंफर ने चार गेंद में चार विकेट लेकर नीदरलैंड की पारी की बखिया उधेड़ दी। अब वे सात विकेट से मिली उस हार को भुलाकर नामीबिया के खिलाफ ग्रुप ए के मैच में जीत दर्ज करना चाहेंगे।
नीदरलैंड के बल्लेबाजों कोलिन एकरमैन, रियान टेन डोशटे , स्कॉट एडवडर्स और रोल्फ वान डेर मर्वे को कैंफर ने 10वें ओवर में लगातार चार गेंदों पर आउट किया। नीदरलैंड के लिए सिर्फ मैक्स ओडाउड कुछ देर टिककर 47 गेंद में 51 रन बना सके। नीदरलैंड के छह विकेट 51 रन पर गिर गए थे। टीम अब इस प्रदर्शन को भुलाकर नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेगी।
नामीबिया को पहले मैच में श्रीलंका ने हराया था और इस मैच में हार से अगले दौर के उसके रास्ते बंद हो जाएंगे। इंग्लैंड के खिलाफ 2011 विश्व कप में शानदार शतक लगाने वाले रियान नामीबियाई गेंदबाजों के खिलाफ बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।
कप्तान पीटर सीलर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 वर्ष का अनुभव है जिन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 21 रन बनाए। नामीबिया की अनुभवहीन टीम के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस और अनुभवी हरफनमौल डेविड वीसे पर सारा दारोमदार होगा।
वैश्विक टूर्नामेंट में पहला मैच खेलते हुए नामीबिया 19.3 ओवर में 96 रन पर आउट हो गई थी। इरास्मस समेत तीन ही बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंच सके। गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा लेकिन श्रीलंका ने 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
स्कॉटलैंड को रिची और डेवी ने दिलाई लगातार दूसरी जीत
रिची बेरिंगटन (70) के अर्द्धशतक के बाद जोश डेवी (4/18) की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से स्कॉटलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में मंगलवार को यहां पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) को 17 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए सुपर 12 में जगह बनाने की ओर मजबूत कदम बढ़ाए।
अपने पहले मैच में बांग्लादेश को छह रन से हराने वाले स्कॉटलैंड ने अपने दोनों मैच जीतकर सुपर 12 चरण में जगह बनाने का दावा मजबूत कर दिया है। टीम को पहले दौर का अपना आखिरी मुकाबला 21 अक्तूबर को मेजबान ओमान के खिलाफ खेलना है।
पीएनजी की टीम स्कॉटलैंड के 166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नोर्मन वानुआ (47 रन) और किपलिन डोरिगा (18) के बीच सातवें विकेट की 53 रन की साझेदारी के बावजूद 19.3 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। कप्तान असद वला (18) और सेसे बाउ (24) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। स्कॉटलैंड की ओर से डेवी के अलावा मार्क वाट, ब्रेड व्हील, एलेस्डेयर इवान्स और क्रिस ग्रीव्स ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इससे पहले स्कॉटलैंड ने बेरिंगटन और मैथ्यू क्रॉस (45) के बीच तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की मदद से नौ विकेट पर 165 रन रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। बेरिंगटन ने 49 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के मारे जबकि क्रॉस ने 36 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और इतने ही छक्के लगाए।
संक्षिप्त स्कोर
स्कॉटलैंड : 9 विकेट पर 165 रन (बेरिंगटन 70, मैथ्यू क्रॉस 45, काबुआ 4/31, सोपेर 3/24, साइमन 1/20)
पापुआ न्यू गिनी : 148 रन ऑलआउट 19.3 ओवरों में (नोर्मन वानुआ 47, सेसे बाउ 24, किपलिन 18, असद 18, जोश डेवी 4/18, मार्क वाट 1/23, इवांस 1/22, ग्रीव्स 1/31)
70 : रन की पारी खेली रिची बेरिंगटन ने 49 गेंदों पर जिसमें छह चौके और तीन छक्के