{"_id":"60d991e68ebc3ebc323e4401","slug":"t-20-wc-2021-bcci-secretary-jay-shah-said-we-are-shifting-t20-world-cup-to-uae","type":"story","status":"publish","title_hn":"T20 World cup: भारत की जगह यूएई में टी 20 विश्वकप, बीसीसीआई ने आईसीसी को कराया अवगत ","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
T20 World cup: भारत की जगह यूएई में टी 20 विश्वकप, बीसीसीआई ने आईसीसी को कराया अवगत
Tue, 29 Jun 2021 08:54 AM IST
ओम. प्रकाश
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: ओम. प्रकाश
Updated Tue, 29 Jun 2021 08:54 AM IST
सार
बीसीसीआई सचिव जय शाह का कहना है कि आगामी टी-20 विश्व कप का आयोजन भारत में नहीं होगा। उन्होंने कहा हम भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप का स्थानांतरण संयुक्त अरब अमीरात में कर रहे हैं।
विज्ञापन
जय शाह
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पिछले कई हफ्तों से चल रही अटकलबाजियों पर विराम लगाते हुए सोमवार को कहा कि कोविड-19 के कारण स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए अक्तूबर-नवंबर में टी20 विश्व कप का आयोजन भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किया जाएगा। हालांकि बीसीसीआई इस प्रमुख प्रतियोगिता का मेजबान बना रहेगा। बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि हमने इस बाबत अधिकृत रूप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को बता दिया है कि टी20 विश्व कप को यूएई स्थानांतरित किया जा सकता है। पूरा ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। सभी हितधारकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन
अंतिम कार्यक्रम पर जल्द मुहर : गांगुली से जब पूछा गया कि क्या टूर्नामेंट 17 अक्तूबर से शुरू होगा तो उन्होंने कहा कि हम कुछ दिनों में अंतिम तौर पर कार्यक्रम तय कर लेंगे। अभी 17 अक्तूबर की तिथि तय नहीं है। यहां तक कि आईसीसी के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि अभी अंतिम कार्यक्रम को लेकर चीजें तय नहीं हैं। इस महीने की शुरुआत में आईसीसी ने बीसीसीआई को चार हफ्ते का समय दिया था कि कोविड-19 की स्थिति के मद्देनजर वह बताए कि क्या भारत इस विश्व कप की मेजबानी कर सकता है। इससे पहले भी इस तरह की चर्चाएं चलती रही हैं कि टूर्नामेंट को यूएई में स्थानातंरित किया जाएगा। यह संभावना तब बनी थी जब कोरोना मामलों को देखते हुए आईपीएल-14 को स्थगित कर दिया था और जिसके शेष मैच अब यूएई में ही सितंबर-अक्तूबर की विंडो में होंगे।
विज्ञापन
स्वास्थ्य हितों को प्राथमिकता : कोरोना दौर में भारत के लिए 16 टीमों का टूर्नामेंट नौ शहरों में कराना बेहद मुश्किल होता क्योंकि स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं रहती। अप्रैल-मई के दौरान दूसरी लहर में कोरोना के कारण देश में स्वास्थ्य संकट बना हुआ था। बीसीसीआई के अधिकारियों को भी पता है कि यह व्यावहारिक रूप से संभव नहीं होगा। इसके अलावा भारत अन्य देशों जैसे इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की उस सूची में है जहां यात्रा को लेकर दिशा-निर्देश हैं और यदि नियमों में राहत नहीं होती है तो यह भी एक मुद्दा होता। यह भी माना जा रहा है कि ज्यादातर देशों को यूएई में आईपीएल खेलने को लेकर समस्या नहीं है। भारत में तो जैव सुरक्षा चक्र (बायो बबल) के बीच स्थगित हुई लीग में कोरोना के कई मामले सामने आ गए थे।
विज्ञापन
क्वालिफाइंग दौर मस्कट में : सच तो यह है कि आईसीसी ने पहले से ही यूएई के दुबई, शारजाह और अबुधाबी में टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। क्वालिफाइंग दौर मस्कट में हो सकते है जिससे संभवत: 15 अक्तूबर तक होने वाले आईपीएल के शेष 31 मैचों के बाद यूएई स्थलों की पिचों को फिर से तैयार करने का समय भी मिल जाएगा। आईसीसी के एक बोर्ड सदस्य ने कहा कि जब बीसीसीआई सितंबर में आठ टीमों के एक टूर्नामेंट (आईपीएल) की मेजबानी करने में असमर्थ है तो एक महीने के अंदर व टी20 विश्व कप कैसे करा पाता। अब तो एक नए वैरिएंट (डेल्टा 3) की बात की जा रही है और तीसरी लहर की आशंका भी जताई जा रही है।
तीन शहरों में आयोजन पर हुआ था विचार : बीसीसीआई पहले भी तीन शहरों मुंबई, अहमदाबाद और पुणे में विश्व कप कराने पर विचार कर रहा था जिसमें फाइनल अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कराने की बात थी लेकिन उसमें भी कई जटिलताएं सामने आ रही थीं। पाकिस्तान के मुंबई या पुणे में खेलने में दिक्कत हो सकती थी। यदि किसी टीम का खिलाड़ी संक्रमित हो जाता तो उसके बदले वैकल्पिक खिलाड़ी एक मुद्दा होता। बड़ी टीमों की तो ठीक है लेकिन अपेक्षाकृत नई टीमों में अगर पांच-छह खिलाड़ी संक्रमित हो जाते तो उनके लिए तो वैकल्पिक खिलाड़ी तलाशना ही बड़ा मुद्दा हो जाता। भारतीय टीम अपने टी20 खिलाड़ियों के साथ आईपीएल खेलने के लिए 15 सितंबर को मैनचेस्टर से चार्टर विमान के जरिए दुबई पहुंचेगी।
16 : टीमों का टूर्नामेंट अक्तूबर-नवंबर में यूएई के तीन शहरों में होगा
क्यों स्थानातंरित हुआ यूएई में टूर्नामेंट
-जब सितंबर में बीसीसीआई आईपीएल नहीं कर पा रहा तो एक महीने में नौ शहरों में 16 टीमों का विश्व कप का आयोजन और भी मुश्किल होता
-अप्रैल-मई में आईपीएल के दौरान बायो बबल में कोरोना के कई मामले आ गए थे, बोर्ड के लिए खिलाड़ियों की सुरक्षा अहम
-यूएई में आईपीएल के शेष मैच खेलने के बाद वहीं विश्व कप खेलने में अन्य देशों को कोई मुश्किल नहीं होगी।
-सितंबर-अक्तूबर में कोरोना के कारण भारत में स्वास्थ्य चिंताएं रहती। तीसरी लहर की आशंका भी जताई जा रही है
-पिछले साल यूएई में आईपीएल का आयोजन शानदार हुआ था। वहां शानदार स्टेडियम हैं और अभ्यास के लिए अच्छी सुविधाएं मौजूद हैं।