ऐसे ही चलता रहा तो सुरेश रैना कैसे बनेंगे सफलतम बल्लेबाज!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रन बनाने के लिहाज से देखा जाए तो बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना को फटाफट क्रिकेट यानी टी-20 में एशिया के सबसे सफल बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष में गिना जाता है। लेकिन जिस तरह से वह टी-20 वर्ल्ड कप में रन बना रहे हैं उससे नहीं लगता कि वह इस टूर्नामेंट में एक खास मुकाम को हासिल कर पाएंगे।
भारत में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज डेविड वार्नर ने एक मुकाम छू लिया है। वह ओवरऑल टी-20 क्रिकेट में 6 हजार रन बनाने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। दिलचस्प यह है कि सुरैश रैना भी लगभग-लगभग उनके साथ चल रहे थे लेकिन बल्ले से लगातार नाकामी ने उन्हें वार्नर से पहले इस मुकाम को छूने के इरादे पर पानी फेर दिया।
वार्नर की तुलना में बाएं हाथ का यह भारतीय बल्लेबाज टी-20 क्रिकेट में बड़ा नाम माना जाता है और उन्होंने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी रन भी बनाए हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से उनका जो फॉर्म चल रहा है उससे न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके प्रशंसकों को भी निराशा मिल रही है।
उनके रिकॉर्ड पर चर्चा करें इससे पहले यह जानते हैं कि पिछले 10 मैचों में उनका प्रदर्शन कैसा रहा। 10 टी-20 मैचों की 7 पारियों में उन्होंने सिर्फ एक बार ही 30 से ज्यादा बनाए रन (41 रन) हैं जबकि 4 बार एक रन से आगे ही नहीं निकल सके। वहीं वर्ल्ड कप में खेले 2 मैचों में उन्होंने 1 (न्यूजीलैंड के खिलाफ) और 0 रन (पाकिस्तान के खिलाफ) बनाए हैं।
इस तरह से उनका बल्ला अपने पुराने जलवे को हासिल करने से काफी दूर दिख रहा है, ऐसे में उस रिकॉर्ड का क्या होगा जो उनका इंतजार लंबे समय से कर रहा है। और अब तो इस रेस में एक पाकिस्तानी बल्लेबाज भी शामिल हो गया है।
एक तो रैना का फॉर्म खराब दूसरी ओर वार्नर दे रहे कड़ी चुनौती
सुरेश रैना टी-20 में भारत के सफलतम बल्लेबाजों में आते हैं और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाले टीम इंडिया के पहले बल्लेबाज भी जो उन्होंने 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा उन्होंने आईपीएल और कुछ प्रथम श्रेणी के टी-20 मैच खेले हैं।
टी-20 में सभी तरह के मैच खेलकर वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह सातवें नंबर पर आते हैं, साथ ही बतौर भारतीय बल्लेबाज वह पहले पायदान पर हैं। 2006 से लेकर अब तक 224 मैच खेले हैं रैना ने। 224 मैचों की 211 पारियों में उन्होंने 3 शतक और 33 अर्धशतकों की मदद से 5887 रन बनाए हैं और वह 6 हजार रनों के आंकड़े को छूने से अब महज 113 रन दूर हैं, लेकिन हाल में वह जिस तरह से क्रीज पर आते ही आउट हो जा रहे हैं उससे उनका इंतजार बढ़ता ही जा रहा है जो आगे भी बढ़ सकता है।
टी-20 क्रिकेट में सबसे पहले 6 हजार रन बनाने का मुकाम हासिल करने के मामले में भारत और पाकिस्तान के 2 बड़े बल्लेबाजों के बीच जोरदार जंग चल रही है। भारत की ओर से सुरेश रैना तो पाक की ओर से शोएब मलिक के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। रैना ने 5887 रन बनाए हैं तो शोएब ने इतने ही सालों में 231 मैचों की 219 पारियों से 5940 रन बना लिए हैं और उनके लिए इस मुकाम के पार जाने को सिर्फ 60 और रनों की दरकार है।
दोनों बल्लेबाजों के बीच अब 53 रनों का फासला रह गया है और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों में से पहले कौन बाजी मारता है और इस मुकाम को छूकर पहला एशियाई बल्लेबाज का तमगा किसके सिर पर बंधता है।
विस्फोटक वार्नर से आगे इस बल्लेबाज का कोई जवाब नहीं
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर टी-20 क्रिकेट में ओवरऑल 6 हजार रन बनाने वालों की लिस्ट में शामिल होने वाले नए बल्लेबाज हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा आईपीएल (दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराईजर्स हैदराबाद), बिग बैश आदि में खेलते हुए कुल 6005 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 201 मैचों की 200 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 45 अर्धशतक ठोंके हैं।
वार्नर से आगे 3 अन्य बल्लेबाज हैं। उनसे ऊपर यानी तीसरे नंबर पर आते हैं न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और हाल ही में संन्यास लेने वाले ब्रैंडन मैकुलम। मैकुलम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर और प्रतिष्ठित लीग (आईपीएल और बिग बैश) में कुल 219 मैचों में 216 पारियां खेली है जिसमें 6311 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 31 अर्धशतक भी लगाए हैं।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर हैं ऑस्ट्रलिया के ही ब्रॉड हॉग। हॉग टी-20 क्रिकेट के सबसे पुराने खिलाड़ियों में से एक हैं क्योंकि वह 2003 से ही फटाफट खेल का हिस्सा हैं। इन 13 सालों में उन्होंन् 256 मैचों की 242 पारियों में रनों का अंबार खड़ा करते हुए 6998 रन बना लिए हैं। वह 7 हजार रनों का आंकड़ा छूने से महज 2 रन दूर हैं। वह ज्यादा बड़ी पारियां नहीं खेल सके हैं लेकिन उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता रही है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सिर्फ 2 शतक और 46 फिफ्टी ही लगाई है।
अब बात आती है उस बल्लेबाज की जो टी-20 क्रिकेट का सबसे सफल बल्लेबाज है। उस तूफानी बल्लेबाज का नाम है क्रिस गेल। इस कैरेबियाई बल्लेबाज ने 2005 से लेकर अब तक कुल 241 मैच खेले हैं जिसमें कुल 236 पारियों में 8826 रन बनाए हैं। वह 8 हजार से ज्यादा ची-20 रन बनाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं। उनकी तूफानी बल्लेबाजी का अंदाजा लगाइए कि उन्होंने इस दौरान 17 शतक और 55 अर्धशतक लगाए जो किसी भी बल्लेबाज से कहीं आगे हैं कोई भी गेल के करीब भी नहीं ठहरता। फटाफट खेल में उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वह वेस्टइंडीज टीम के अलावा दुनिया की 17 अन्य बड़ी टीमों के लिए भी खेल चुके हैं।