फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   SRH vs DC Highlights: Delhi Capitals defeated Sunrisers Hyderabad by 7 runs Mukesh Kumar, Axar Patel| IPL 2023

SRH vs DC: दिल्ली ने पहली बार 150 से कम का स्कोर डिफेंड किया, हैदराबाद को लगातार पांचवीं बार हराया, मुकेश चमके

Mon, 24 Apr 2023 11:53 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद Published by: स्वप्निल शशांक Updated Mon, 24 Apr 2023 11:53 PM IST
सार

SRH vs DC Indian Premier League 2023 Highlights: आईपीएल 2023 के 34वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 144 रन बनाए थे। जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 137 रन ही बना सकी।

विज्ञापन
SRH vs DC Highlights: Delhi Capitals defeated Sunrisers Hyderabad by 7 runs Mukesh Kumar, Axar Patel| IPL 2023
दिल्ली ने हैदराबाद को हराया - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आईपीएल 2023 के 34वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में नौ विकेट विकेट गंवाकर 144 रन बनाए। मनीष पांडे और अक्षर पटेल ने 34-34 रन की पारी खेली।
विज्ञापन


जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 137 रन ही बना सकी। मयंक अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। वहीं, हेनरिच क्लासेन ने 19 गेंदों में 31 रन की पारी खेली। दिल्ली ने आईपीएल के 16 सीजन के इतिहास में पहली बार 150 से कम का टारगेट डिफेंड किया है। यह दिल्ली की हैदराबाद पर लगातार पांचवीं जीत रही।
विज्ञापन


आखिरी दो ओवरों का रोमांच
हैदराबाद को आखिरी दो ओवर में 23 रन की जरूरत थी। तब वॉशिंगटन सुंदर और हेनरिच क्लासेन क्रीज पर थे। 19वें ओवर में 10 रन बने और टीम ने क्लासेन का विकेट गंवाया। इसके बाद आखिरी ओवर में हैदराबाद को 13 रन की जरूरत थी। गेंदबाजी के लिए मुकेश कुमार आए। स्ट्राइक पर वॉशिंगटन सुंदर और मार्को यानसेन थे।

पहली गेंद पर सुंदर ने दो रन लिए। इसके बाद अगली गेंद डॉट रही। तीसरी गेंद पर मुकेश ने एक रन दिया। चौथी गेंद पर यानसेन ने भी एक रन लिया। पांचवीं गेंद पर मुकेश ने एक रन दिया। वहीं, आखिरी गेंद पर दिल्ली को आठ रन की जरूरत थी, जो कि लगभग नामुमकिन था। मुकेश ने आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं दिया। इस तरह दिल्ली ने सात रन से जीत दर्ज की। 


मुकेश (बीच में) को बधाई देते साथी खिलाड़ी

अंक तालिका का हाल
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो इस जीत के साथ दिल्ली के सात मैचों में दो जीत और पांच हार के साथ चार अंक हो गए हैं। टीम अभी भी आखिरी यानी 10वें स्थान पर है। वहीं, हैदराबाद ने भी सात मैचों में से दो जीते हैं। पांच में टीम को हार मिली है और अंक तालिका में चार अंक के साथ टीम दिल्ली से ठीक ऊपर यानी नौवें स्थान पर है। 

दोनों टीमों के आंकड़े
दोनों टीमों के बीच अब तक 22 मैच खेले गए हैं, जिसमें से हैदराबाद ने 11 और आज की जीत के साथ दिल्ली ने भी 11 मैच जीत लिए हैं। हैदराबाद में ये दोनों टीमें छह बार भिड़ चुकी हैं। इनमें से हैदराबाद ने तीन और दिल्ली ने भी तीन मुकाबले जीत लिए हैं। पिछले छह मैचों में जब ये दोनों टीमें आमने-सामने आईं तो दिल्ली ने पिछले लगातार पांचों मैच जीते। वहीं, हैदराबाद को दिल्ली के खिलाफ पिछली जीत 27 अक्तूबर 2020 को मिली थी।

विज्ञापन

दिल्ली की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी। पहले ओवर में ही भुवनेश्वर ने फिलिप सॉल्ट को विकेटकीपर क्लासेन के हाथों कैच कराया। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद कप्तान डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी निभाई। मिचेल को टी नटराजन ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मार्श 15 गेंदों में पांच चौके की मदद से 25 रन बना सके।

इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। आठवें ओवर में उन्होंने तीन विकेट झटके। सबसे पहले सुंदर ने वॉर्नर को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराया। वह 20 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बना सके। इसके बाद सरफराज खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने भुवनेश्वर को कैच थमाया। सरफराज नौ गेंदों में 10 रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अमन हकीम खान भी इसी ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। सुंदर ने उन्हें अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। अमन चार रन बना सके।

अक्षर और मनीष की सधी हुई बल्लेबाजी

62 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद मनीष पांडे और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 60 गेंदों में 69 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर पटेल 18वें ओवर में आउट हुए। उन्हें भुवनेश्वर ने क्लीन बोल्ड किया। अक्षर ने 34 गेंदों में चार चौके की मदद से 34 रन की पारी खेली। इसके बाद मनीष पांडे रन आउट हो गए। वह 27 गेंदों में दो चौके की मदद से 34 रन बना सके। रिपल पटेल छह गेंदों में पांच रन और एनरिक नॉर्त्जे दो रन बनाकर रन आउट हुए। कुलदीप तीन गेंदों में चार रन और ईशांत शर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहे। 

हैदराबाद के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भुवनेश्वर ने चार ओवर में 11 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए। टी नटराजन ने तीन ओवर में 21 रन दिए और मिचेल मार्श का महत्वपूर्ण विकेट लिया। 

हैदराबाद की पारी

145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम की शुरुआत खराब रही। इस आईपीएल के पहले शतकवीर हैरी ब्रूक 14 गेंदों में सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मयंक अग्रवाल और राहुल त्रिपाठी ने दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी निभाई। मयंक एक रन से अर्धशतक से चूक गए। वह 39 गेंदों में सात चौके की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए।

वहीं, राहुल त्रिपाठी 21 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक शर्मा (5) को कुलदीप और एडेन मार्करम (3) को अक्षर ने पवेलियन भेजा। क्लासेन और सुंदर ने पारी संभालने की कोशिश की और छठे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी निभाई। क्लासेन को 19वें ओवर में नॉर्त्जे ने अमन खान के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बना सके।



आखिर में सुंदर 15 गेंदों में तीन चौके की मदद से 24 रन और मार्को यानसेन दो रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दिल्ली की ओर से नॉर्त्जे और अक्षर ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, ईशांत शर्मा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed