बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह ने गुरुवार को चयनसमिति की बैठक से इतर कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा से मुलाकात की।
BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली की विराट-रोहित से मुलाकात, भारतीय क्रिकेट की बेहतरी पर हुई बात
बीसीसीाई के अध्यक्ष और सचिव ने उनसे भारतीय क्रिकेट टीम की आगे की योजनाओं पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक यह भी पता चला है कि बैठक के दौरान महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भविष्य को लेकर भी चर्चा की गई। हालांकि सभी ने इस बैठक को लेकर चुप्पी साधे रखी।
टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री इस बैठक का हिस्सा नहीं थे। लगभग यह तय है कि गांगुली अगले महीने ईडन गार्डन्स पर बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान शास्त्री से बात करेंगे। बीसीसीआई सूत्रों ने कहा, 'अध्यक्ष और सचिव कप्तान और उप कप्तान से मिलना चाहते थे। टीम की योजनाओं को लेकर कुछ चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कुछ सुझाव दिए। शाह ने बोर्ड अध्यक्ष की मौजूदगी में बैठक बुलाई थी।
बीसीसीआई ने बैठक की तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की है। इस ट्वीट के कैप्शन में लिखा, 'सीनियर चयनसमिति की दोपहर बाद बैठक में सभी के चेहरों पर मुस्कान है। बैठक में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 और टेस्ट टीम घोषित की गई।' बता दें कि रोहित बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी-20 मैचों में टीम की अगुवाई करेंगे और इसलिए वह बैठक में शामिल हुए। नियमित कप्तान कोहली इन मैचों में विश्राम दिया गया है। वह इसके बाद दो टेस्ट मैचों में टीम का नेतृत्व करेंगे।
All smiles at the Senior Selection Committee meeting earlier this afternoon as the teams for the forthcoming T20I & Test series against Bangladesh were announced #TeamIndia 🇮🇳🇮🇳📸📸 pic.twitter.com/BxA1S6Hc0Z
— BCCI (@BCCI) October 24, 2019