SL vs IRE Highlights: श्रीलंका ने टी20 विश्व कप में जीत से की अभियान की शुरुआत, आयरलैंड को 20 रन से हराया
टी20 विश्व कप 2026 का छठा मुकाबला कोलंबो में ग्रुप बी की श्रीलंका और आयरलैंड की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से हराकर वैश्विक टूर्नामेंट में अपने अभियान का शानदार आगाज किया।
विस्तार
कामिंदु मेंडिस की तूफानी पारी और कुसल मेंडिस के संयमित अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले में धीमी शुरुआत के बाद 20 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए। आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और शुरुआती ओवरों में उसका फैसला सही साबित होता दिखा। श्रीलंका की शुरुआत लड़खड़ाई और टीम ने पहले 4 ओवर में सिर्फ 28 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज कामिल मिशारा (14 रन) को मार्क अडैर ने शानदार स्लोअर गेंद पर आउट किया। मिशारा को एक जीवनदान जरूर मिला था, लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके। दूसरे छोर पर पथुम निसंका (24 रन) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, जिसमें मैथ्यू हम्फ्रीज के खिलाफ लगाया गया लंबा छक्का शामिल था, लेकिन वह भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। पावरप्ले के बाद स्कोर 50/1 था, जिसमें कुसल मेंडिस ने बैरी मैकार्थी के एक ओवर में तीन चौके लगाकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की।
इसके बाद आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने अनुभवी स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल को गेंद सौंपी, जिन्होंने मैच का रुख पलट दिया। डॉकरेल ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पथुम निसंका और पवन रत्नायके को आउट किया। रत्नायके का रैम्प शॉट खेलने का फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। स्पिन के दबाव में श्रीलंका की हालत खराब हो गई और 11वें ओवर में स्कोर 68/3 हो गया। हालात तब और बिगड़ गए जब दुनिथ वेलालागे को गैरेथ डेलानी ने लॉन्ग-ऑन पर कैच करवा दिया। एक समय श्रीलंका 86/4 (14 ओवर) पर संघर्ष करता नजर आ रहा था।
इसके बाद मैदान पर आए कामिंदु मेंडिस और उन्होंने कुसल मेंडिस के साथ मिलकर पारी को नई दिशा दी। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 67 रनों की अहम साझेदारी हुई। कामिंदु मेंडिस ने सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस अंत तक नाबाद रहे और 43 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल थे। आयरलैंड के फील्डरों ने कुछ आसान कैच भी छोड़े, जिसका फायदा श्रीलंका को मिला। अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरते हुए श्रीलंका ने सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। आयरलैंड केलिए बैरी मक्कार्थी और जॉर्ज डॉकरेल ने दो-दो विकेट लिए जबकि मार्क अडायर और गैरेथ डेलेनी ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
आयरलैंड की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान पॉल स्टर्लिंग चौथे ओवर में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए, जब टीम का स्कोर 24 रन था। इससे पहले स्टर्लिंग को 1 रन पर जीवनदान मिला था, लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके और महीश तीक्षणा की शानदार यॉर्कर पर बोल्ड हो गए।
इसके बाद रॉस अडायर ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए 23 गेंदों पर 34 रन बनाए। उन्होंने पावरप्ले के दौरान कई आकर्षक बाउंड्री लगाईं और टीम को 6 ओवर के बाद 45/1 तक पहुँचा दिया। हालांकि, वानिंदु हसरंगा ने अपनी पहली ही ओवर में बेहतरीन गुगली से अडैर को बोल्ड कर श्रीलंका को बड़ी सफलता दिलाई।
हैरी टेक्टर ने एक छोर संभाले रखा और 34 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली। 10 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर 72/2 था और उन्हें जीत के लिए 60 गेंदों में 92 रन चाहिए थे। लेकिन 16वें ओवर में हसरंगा ने टेक्टर को आउट कर दिया, जो आयरलैंड की पारी का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
इसके बाद आयरलैंड की पारी पूरी तरह बिखर गई और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए। श्रीलंका के स्पिन गेंदबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। महीश तीक्षणा ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि वानिंदु हसरंगा ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके। अंततः आयरलैंड की पूरी टीम 143 रन पर सिमट गई और श्रीलंका ने यह मैच 20 रन से जीत लिया।
श्रीलंका: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लागे, वानिंदु हसरंगा, दुष्मंथा चमीरा, महीश तीक्षणा, मथीशा पथिराना।
आयरलैंड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लॉर्कन टकर (विकेटकीपर), कर्टिस कैंपर, बेंजामिन कैलिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, मार्क अडायर, बैरी मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रेस।