शोएब मलिक ने बताया किस 'चूक' के कारण टीम इंडिया से मिली हार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीरपुर में टीम इंडिया के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान में काफी आक्रोश है और लोगों ने गहरी नाराजगी देखी जा रही है। मीडिया में आई खबरों के अनुसार वहां पर फिर लोगों ने गुस्से में टीवी फोड़ दिए हैं। वहीं पाक टीम के कई पुराने दिग्गजों ने टीम इंडिया के खेल की तारीफ की लेकिन उस तारीफ में बड़ा हिस्सा विराट कोहली के खाते में चला गया।
पाक टीम में इस समय सबसे पुराने क्रिकेटरों में से एक पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने भारत के खिलाफ हार के कुछ कारण बताए हैं। मलिक खुद इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके थे और 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। उनका कहना है कि टीम को हार इसलिए मिली क्योंकि वे मैदान की स्थिति को ठीक ढंग से समझ नहीं सके।
उन्होंने कहा, "हां, बल्लेबाजी के लिए यह मैच काफी कठिन था, लेकिन हम इसे सही तरीके से कैलकुलेट नहीं कर सके क्योंकि हमें पिच की स्थिति के बारे में कोई आइडिया नहीं था। यह टी-20 विकेट जैसा नहीं था जो अमूमन होता रहा है जिसमें आप 170 या 180 का स्कोर करने को सोचते हैं। यहां पर उस टीम के खिलाफ खेलना काफी मुश्किल भरा होता है जिसकी बल्लेबाजी बेहद मजबूत हो।"
शेरे-बांग्ला स्टेडियम में मिली हार के बाद उन्होंने आगे कहा, "निश्चित तौर, आप गल्तियों से सीखते हैं और यही कारण है कि हम यहां अभ्यास कर रहे हैं।" भारत से हार के बाद पाक टीम प्रबंधन ने अतिरिक्त अभ्यास सत्र की व्यवस्था की है। पाक का टूर्नामेंट में अगला मुकाबला आज यूएई के साथ होने जा रहा है।
कोहली-आमिर की भिड़ंत वैसी जैसी शोएब और सचिन की
ईडन गार्डंस से लेकर सेंचुरियन के मैदान तक पाकिस्तान के गेंदबाज और 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर शोएब अख्तर के पास भारत के सचिन तेंदुलकर के साथ मैदान पर होने वाली होड़ की कई यादें ताजा हैं। उनका मानना है कि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर और विराट कोहली के बीच होने वाली प्रतिद्वंद्विता भी क्रिकेट में उतनी ही रोमांचक रहेगी।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए सचिन को गेंदबाजी करना बड़ा चुनौतीपूर्ण था। मेरा मानना है कि भविष्य में विराट और आमिर के बीच मैदानी प्रतिद्वंद्विता उतनी ही रोमांचक साबित होगी। दोनों ही क्रिकेटर विश्व स्तरीय हैं और जब दोनों आमने-सामने हों तो इससे बेहतर कुछ हो नहीं सकता। विराट भारत के श्रेष्ठ बल्लेबाज हैं और आमिर के शामिल होने से पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण में नई धार आ गई है। जब भी दोनों खिलाड़ी मैदान पर एक-दूसरे के सामने होंगे तो समझ लो मजा आने वाला है।
हार से दिग्गज बेहद नाराज, पाक टीम को लगाई लताड़
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर हनीफ मुहम्मद, जावेद मियांदाद और मुहम्मद यूसुफ ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किल विकेट पर खेली गई विराट कोहली की पारी को बहुत सूझबूझ भरी और परिपक्व पारी बताया है। इन तीनों महान क्रिकेटरों ने कहा कि पाकिस्तानी बल्लेबाजों को कोहली से सबक सीखना चाहिए।
हनीफ मुहम्मद ने कहा कि आक्रामक खेलना अच्छा है लेकिन आपको हालात और विपक्षी टीम की ताकत को देखते हुए खेलना भी सीखना चाहिए। जहां जरूरी हो वहां विपक्षी गेंदबाजों को सम्मान देने की जरूरत होती है। भारतीय टीम के खिलाफ पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने ऐसा नहीं किया और इसका खामियाजा भुगता। उन्होंने कहा कि भारत ने सुनील गावस्कर से लेकर कोहली तक कई महान बल्लेबाज दिए हैं।
भारतीय युवा सचिन तेंदुलकर जैसे महान बल्लेबाज के कौशल से प्रेरणा पाते रहे हैं। मियांदाद ने कहा कि पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अपनी तकनीक में सुधार करने के साथ धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करना भी आना चाहिए। कोई भी कोच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपको बल्लेबाजी नहीं सिखा सकता। यह तो खुद बल्लेबाज पर निर्भर होता है कि वह शीर्ष खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खेले। भारतीय बल्लेबाज अपने खेल पर काफी मेहनत करते हैं और रनों के भूखे हैं। विराट कोहली इसकी मिसाल हैं।
मुहम्मद यूसुफ ने कहा कि विराट ने दिखाया कि मुश्किल विकेट पर कैसे बल्लेबाजी की जाती है लेकिन जब हमारे बल्लेबाज पाटा विकेट पर खेलते हैं तो बड़े रन बनाते हैं लेकिन जिस विकेट पर मूवमेंट होती है वहां नहीं चल पाते लेकिन शीर्ष खिलाड़ियों की यह पहचान होती है कि वह पिच के हिसाब से संतुलन बिठाकर अपनी तकनीक में सुधार करते हैं। हमारे बल्लेबाजों में यह कमी है।