ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने टीम इंडिया के कप्तान कप्तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। वॉर्न ने तो यहां तक कह डाला कि कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वो मुकाम हासिल कर लिया, जिसे सचिन तेंदुलकर तक नहीं छू पाए। दरअसल, वनडे मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करते हुए खेली गई पारियों पर चर्चा करते हुए वॉर्न ने अपना पक्ष रखा।
वनडे मैच में लक्ष्य हासिल करते हुए विराट कोहली ने नाम 19 शतक हैं। इस मामले में विराट जरूर सचिन पर भारी पड़ते हैं, क्योंकि तेंदुलकर को 17 शतक बनाने के लिए 232 पारी लगी थी। जबकि विराट ने 102 पारी में ही सचिन को पछाड़ दिया था। हालांकि वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जमाने के मामले में अभी भी सचिन तेंदुलकर काफी आगे हैं। सचिन ने वनडे में 51 शतक जमाए हैं तो वहीं कोहली 35 शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
इंडिया टूडे बात करते हुए शेन वॉर्न ने कहा कि, 'मैं मानता हूं कि जिस ढंग से विराट खेलते हैं और वनडे क्रिकेट में वह जिस नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आते हैं। ऐसे में रन चेज करते हुए आप उनके शतकों की संख्या देखें। मुझे नहीं लगता कि विराट के अलावा किसी ने भी ऐसा किया है। यहां तक सचिन तेंडुलकर भी वह नहीं कर पाए, जो विराट ने कर दिखाया है।'
साथ ही वॉर्न ने यह भी कहा कि जब वह क्रिकेट खेलते थे, तो उन दिनों सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हुआ करते थे। मौजूदा दौर में विराट कोहली और एबी डीविलियर्स ने दोनों की जगह ले ली। मगर इनमें से कौन ज्यादा श्रेष्ठ है, तो यह तय कर पाना मुश्किल है।' बकौल वॉर्न अगर कोहली अगले 10 या इससे ज्यादा साल इसी अंदाज में क्रिकेट खेल लेंगो तो लोग उन्हें वैसे ही पसंद करेंगे जैसे आज तेंदुलकर को मानते हैं।
अपने दौर के खतरनाक फिरकी गेंदबाज रहे शेन वार्न ने अपनी गेंदों से दुनिया के लगभग हर बल्लेबाज को खासा परेशान किया था। मगर सचिन तेंदुलकर ने 1998 में शारजाह में उनकी गेंदों की ऐसी पिटाई की थी कि सचिन उनके सपने में नजर आने लगे थे और यह बात उन्होंने खुद बताई थी। वॉर्न ने कहा था कि ऐसा लगता है कि वह (सचिन) उनके सपने में भी छक्के लगा रहे हैं।