खतरे में विराट की कप्तानी! इस पाकिस्तानी खिलाड़ी ने कहा- भारतीय कप्तान के खिलाफ चल रहा है 'गंदा खेल'
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने कहा है कि भारतीय मीडिया में कप्तान विराट कोहली के खिलाफ 'गंदा खेल' खेला जा रहा है।
विस्तार
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय मीडिया में विराट कोहली के खिलाफ 'गंदा खेल' खेला जा रहा है। बट्ट का बयान मीडिया में चल रही उन खबरों के बाद आया है, जिसमें कहा जा रहा है कि बीसीसीआई, डब्ल्यूटीसी फाइनल के दौरान विराट कोहली के कुछ फैसलों से नाखुश था। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि भारत अगर टी-20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता है तो विराट की जगह रोहित शर्मा को टी-20 का कप्तान बनाया जा सकता है।
मीडिया में इस तरह की खबरें आना एक 'गंदा खेल' के अलावा कुछ नहीं
सलमान बट्ट ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, 'क्या आप इस खबर की टाइमिंग देखते हैं? मुझे इस बात से कोई दिक्कत नहीं है कि बोर्ड क्या सोचता है, यह उनके अपने मूल्यांकन के बारे में है कि कौन अपने क्रिकेट को आगे ले जा सकता है...लेकिन क्या यह इन बातों पर चर्चा करने का समय है? अब बात हो रही है कि विराट कोहली की कप्तानी खतरे में है। बट्ट ने आगे कहा, 'उन्होंने (विराट) हाल ही में इंग्लैंड में एक सीरीज खेली, अपनी टीम को शानदार तरीके से लीड किया। मगर टीम चयन को लेकर उनकी आलोचना की जा रही है। हालांकि इसके बावजूद वह लगातार अपनी टीम को सपोर्ट कर रहे हैं और बदले में टीम अच्छा क्रिकेट खेल रही है। उनकी टीम हर फॉर्मेट में टॉप पर है और सामने विश्व कप है, इसलिए मीडिया में इस तरह की खबरें आना एक 'गंदा खेल' के अलावा और कुछ नहीं है।'
अभी इन चीजों के बारे में बात करने का समय नहीं
वहीं, विराट कोहली और रोहित शर्मा द्वारा व्हाइट बॉल सीरीज जीत की तुलना करने के सवाल पर सलमान ने कहा, ' मैंने यह पहले भी कहा है, रोहित शर्मा एक बहुत अच्छे कप्तान हैं, बहुत सफल हैं। मगर अभी इन चीजों के बारे में बात करने का समय नहीं है। ट्रॉपी मैटर करता है, इससे मैं सहमत हूं लेकिन देखें कि उसने कितने मैच जीते हैं और दुनिया भर में वह कितना सफल रहा है। सभी प्रारूपों में उसके जीत का प्रतिशत भी अच्छा है। मुझे लगता है कि यह समय नहीं है और कोहली ने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा किया है। यह खबर फिर से सामने आ रही है, लेकिन बुरी मंशा है जो नहीं होनी चाहिए।'