पाक गेंदबाज ने हरभजन और अश्विन को कहा 'चकर्स'
टीम इंडिया के दो हरफनमौला क्रिकेटरों हरभजन सिंह और आर अश्विन की गेंदबाजी एक्शन पर पाकिस्तान टीम के फिरकी गेंदबाज सईद अजमल ने तंज कसा है।
अजमल पाक टीम से कई बार संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन को लेकर अंदर-बाहर होते रहे हैं। पिछले साल सितम्बर के महीने में उनकी गेंदबाजी निशाने पर आई थी।
एक स्थानीय पाकिस्तानी चैनल को दिए एक इंटरव्यू में जब अजमल की गेंदबाजी पर सवाल पूछा गया तो खुद के एक्शन पर बोलने के बजाय उन्होंने भारतीय गेंदबाजों को निशाने पर लेना शुरू कर दिया।
पढ़ें, अजमल ने क्या-क्या कहा
पाक टीम के फिरकी गेंदबाजी सईद अजमल ने टीवी इंटरव्यू में अपने गेंदबाजी एक्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर जवाब दिया कि हरभजन सिंह और आर अश्विन अपनी सभी गेंदें 'चकर्स' (आईसीसी नियमों के विरूद्ध गेंदबाजी) ही फेंकते हैं।
अजमल ने हरभजन के गेंदबाजी एक्शन पर कहा कि वह चैलेंज करते हैं कि हरभजन का हाथ गेंदबाजी के लिए 15 डिग्री (नियम के अनुसार) के अंदर नहीं पड़ता हैं।
इस मामले में अभी तक दोनों भारतीय गेंदबाजों का कोई जवाब नहीं मिल सका है। आपको बता दें कि कुछ साल पहले भी हरभजन की गेंदबाजी एक्शन पर भी अंगुली उठी थी। हालांकि बाद में उन्हें इस मामले में क्लीन चिट भी मिल गई।