जीत का चौका लगाने को बेताब RCB: वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान के खिलाफ मैच आज
आरसीबी ने कोलकाता के खिलाफ चार की जगह तीन ही विदेशी खिलाड़ियों को उतारा था। यह देखना रोचक होगा कि वह इसी तरह की अंतिम एकादश के साथ उतरते हैं या लेग स्पिनर एडम जांपा, तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन और अनुभवी ऑलराउंडर डेनियल क्रिस्टियन में से किसी को मौका देते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन मैचों में तीन जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम आत्मविश्वास से भरी है। विराट कोहली की अगुआई वाली टीम बृहस्पतिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल में जीत की लय को बरकार रखने के इरादे से उतरेगी। दोनों टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत विपरीत अंदाज में की है।
मैक्सवेल ने दी मध्यक्रम को मजबूती
आरसीबी ने टूर्नामेंट के पहले मैच में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइटराइडर्स को शिकस्त दी और अब वह जीत का चौका लगाने को बेताब होगी। आरसीबी के लिए अनुभवी एबी डीविलियर्स और मौजूदा सत्र में टीम के साथ जुड़े ग्लेन मैक्सवेल ने शानदार प्रदर्शन किया है। मैक्सवेल के जुड़ने से मध्यक्रम मजबूत हुआ है।
पडीक्कल से 'विराट' उम्मीद
कोहली ने कुछ मैचों में अच्छी शुरुआत की है लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। देवदत्त पडिक्कल अब तक प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। आरसीबी के तेज गेंदबाजों हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज ने क्रमश: 5.75 और 5.81 की इकोनॉमी रेट से रन दिए हैं। पटेल ने मुंबई के खिलाफ पांच विकेट चटकाए जबकि बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद ने सनराइजर्स के खिलाफ सात रन पर तीन विकेट चटकाकर एक ओवर में मैच का रुख बदल दिया।
रॉयल्स को एकजुट प्रदर्शन की जरूरत
रॉयल्स की टीम अपने तीन मैचों में से सिर्फ एक में जीत दर्ज कर पाई है। पिछले मैच में चेन्नई के खिलाफ हार के बाद संजू सैमसन की टीम छठे स्थान पर खिसक गई है। रॉयल्स एक टीम के रूप में प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले मैच में शानदार शतक से टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया था, लेकिन जीत नहीं दिला पाए। दिल्ली के खिलाफ डेविड मिलर और क्रिस मौरिस की बदौलत टीम जीत दर्ज करने में सफल रही।
सुपर किंग्स के खिलाफ ओपनर जोस बटलर खतरनाक दिख रहे थे, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का समर्थन नहीं मिला। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले को छोड़कर रॉयल्स के गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए हैं। दिल्ली के खिलाफ जयदेव उनादकट ने तीन विकेट चटकाए जबकि युवा चेतन सकारिया ने प्रभावित किया है। जोफ्रा आर्चर की गैरमौजूदगी में क्रिस मॉरिस और मुस्ताफिजुर रहमान से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
नंबर गेम
कुल मैच: 23
आरसीबी जीत : 10
राजस्थान जीत: 10
बेनतीजा: 03
02: मैच जीते थे आरसीबी ने पिछले सत्र में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ
482: रन बनाए हैं आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने राजस्थान के खिलाफ
220: रन हैं राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन के आरसीबी के खिलाफ