पहले 'छक्का' फिर लगाया 'पंजा' और टीम पहुंच गई फाइनल में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की घातक गेंदबाजी की मदद से सौराष्ट्र ने सोमवार को वडोदरा में असम को दस विकेट से हराकर रणजी ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सौराष्ट्र ने पांच दिवसीय सेमीफाइनल के तीसरे दिन ही मैच अपने कब्जे में कर लिया। असम की टीम जयदेव उनादकट की अगुआई में सौराष्ट्र के गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी।
उनादकट ने मैच में 112 रन देकर 11 विकेट लिए। उनादकट ने असम की पहली पारी में छह विकेट लिए थे और दूसरी पारी में भी 45 रन देकर पांच विकेट झटक लिए। दूसरे दिन पांच विकेट पर 254 रनों से आगे खेलने उतरी सौराष्ट्र की टीम 99 रन और जोड़कर 353 रनों पर आउट हो गई। असम ने पहली पारी में 234 रन बनाए थे।
चेतेश्वर पुजारा का शतक भी रहा खास
सौराष्ट्र के लिए खेल रहे चेतेश्वर पुजारा ने सोमवार को अपने स्कोर में दस रन का ही इजाफा किया और 126 रन पर आउट हुए। पहली पारी में उनके बल्ले से निकले शानदार शतक ने टीम के स्कोर में बढो़त्तरी की। साथ ही टीम के अन्य क्रिकेटरों चिराग जेनी ने 43 रनों का योगदान दिया और दीपक पूनिया 42 रनों पर नाबाद रहे।
असम के लिए पेस गेंदबाज कृष्ण दास ने 80 रन देकर और अरुप दास ने 105 रन देकर तीन-तीन विकेट लिए। मगर सेमीफाइनल में सौराष्ट्र के पेसर उनादकट और उनके साथी हार्दिक राठौड़ ने गजब का प्रदर्शन करते हुए असम को दूसरी पारी में महज 139 रनों पर समेट दिया।
सौराष्ट्र को जीत के लिए सिर्फ 21 रनों का लक्ष्य मिला था जिसे उसने आसानी से हासिल कर लिया। असम की टीम सेमीफाइनल में हार जरूर गई लेकिन उत्तर पूर्वी राज्य की टीम ने पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश कर इस सीजन में अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया।
मध्यप्रदेश पर मुंबई का पलड़ा भारी
कटक में चल रहे दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में सूर्यकुमार यादव और आदित्य तारे ने मध्यप्रदेश के खिलाफ मुंबई को रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में 429 रनों की मजबूत बढ़त दिला दी है। यादव 97 रनों पर और तारे 90 रन बनाकर दिन के खेल समाप्ति तक नाबाद रहे। दूसरी पारी में मुंबई ने तीन विकेट पर 285 रन बना लिए।
इससे पहले मुंबई के गेंदबाज बलविंदर सिंह संधू ने मध्यप्रदेश को पहली पारी में 227 रनों पर समेटने में मदद की। चालीस बार की चैंपियन मुंबई की टीम ने पहली पारी में 371 रन बनाए थे।
पांच दिवसीय मैच के तीसरे दिन मध्यप्रदेश की टीम पांच विकेट पर 197 रनों से आगे खेलने उतरी। टीम को अपने बल्लेबाज नमन ओझा से बड़ी उम्मीद थी लेकिन वह 79 के अपने निजी स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए। अंकित दाने (44) भी खास कुछ नहीं कर सके। मध्यप्रदेश ने अपने अंतिम पांच विकेट पर 30 रनों पर गंवा दिए थे।
मुंबई के लिए संधू ने पांच विकेट लिए जबकि उन्हें अभिषेक नायर का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 56 रन देकर तीन विकेट अपनी झोली में डाले। उसके बाद मुंबई के बल्लेबाजों ने भी मध्य प्रदेश के गेंदबाजों की भी अच्छी खबर ली। श्रेयस अय्यर ने 46 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली। उसके बाद सूर्य कुमार यादव और आदित्य तारे ने चौथे विकेट पर 190 रनों की साझेदारी की।