रणजी ट्रॉफी राउंडअप, पहला दिन: उथप्पा का शतक, दिल्ली के खिलाफ केरल की शानदार शुरुआत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे दिनेश मोर (नाबाद 89) और नवनीत विर्क (58) की पारियों की मदद से रेलवे ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के मैच में पहले दिन आठ विकेट पर 244 रन बना लिए। उत्तर प्रदेश के कप्तान अंकित राजपूत ने टॉस जीतकर रेलवे को पहले बल्लेबाजी पर उतारा। एक समय रेलवे का स्कोर चार विकेट पर 87 रन हो गया था। मोर और विर्क ने पांचवें विकेट के लिए 83 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इन दोनों के अलावा अरिंदम घोष (42) ही कुछ योगदान दे पाए। उत्तर प्रदेश की तरफ से यश दयाल ने तीन तथा शिवम मावी और अंकित राजपूत ने दो-दो विकेट लिए हैं।
रॉबिन उथप्पा के शतक से केरल मजबूत
अनुभवी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा (102) के प्रथम श्रेणी करिअर के 22वें शतक के साथ मेजबान केरल ने दिल्ली के खिलाफ तीन विकेट पर 276 रन बनाए। ओपनर पूनम राहुल (97) महज तीन रन से शतक से वंचित रह गए। केरल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले विकेट पर राहुल ने जलज सक्सेना (32) के साथ 68 रन जोड़े। उसके बाद उथप्पा के साथ उनकी 118 रन की साझेदारी हुई। उथप्पा ने कप्तान सचिन बेबी के साथ भी 90 रन जोड़े। कभी कर्नाटक से खेलने वाले उथप्पा ने 221 गेंदों की पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। दिल्ली की ओर से प्रदीप सांगवान, विकास मिश्रा और तेजस बरोका ने एक-एक विकेट लिए।
नवप्रवेशी चंडीगढ़ की जोरदार शुरुआत
पहली बार रणजी ट्रॉफी में भाग ले रही चंडीगढ़ की टीम ने अर्सलान खान (नाबाद 119) और शिवम भांबरी (105) के शतकों से अपने घरेलू मैदान पर शानदार शुरुआत करकेप्लेट ग्रुप मैच में अरुणाचल प्रदेश पर पहले दिन ही शिकंजा कस दिया। चंडीगढ़ ने पहले दिन एक विकेट पर 236 रन बनाये हैं। चंडीगढ़ ने इससे पहले श्रेष्ठ निर्मोही (5/26) की शानदार गेंदबाजी से अरुणाचल को पहली पारी में 147 रन पर समेट दिया था। इस तरह से चंडीगढ़ को अब 89 रन की बढ़त मिल चुकी है।
पचासे से चूके मयंक, देवदत्त चमके
भारतीय टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (43) तमिलनाडु के खिलाफ एलीट ग्रुप बी के मैच में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके लेकिन देवदत्त पडिक्कल (78) और पवन देशपांडे (65) की मदद से कर्नाटक ने पहले दिन छह विकेट पर 259 रन बना लिए। अग्रवाल और शानदार लय में चल रहे पड्डिकल ने दूसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। पडिक्कल ने देशपांडे के साथ पांचवें विकेट पर 116 रन जोड़े। एम सिद्धार्थ ने दो विकेट लिए। रविचंद्रन अश्विन (1/68) को संघर्ष करना पड़ा।
हरियाणा के लिए शुभम-शिवम के शतक
रोहतक। सलामी बल्लेबाज शुभम रोहिल्ला (नाबाद 117) और शिवम चौहान (117) के शतकों की मदद से हरियाणा ने महाराष्ट्र की मदद से तीन विकेट पर 279 रन बना लिए हैं। एक समय मेजबान टीम ने 24 रन पर दो विकेट खो दिए थे लेकिन उसके बाद शुभम और शिवम ने 221 रन की बड़ी साझेदारी की। महाराष्ट्र के लिए समद, अनुपम सनकलेचा और प्रदीप ने एक-एक विकेट लिए।
हिमाचल-सौराष्ट्र मैच में गिरे 17 विकेट
हिमाचल प्रदेश और सौराष्ट्र के बीच मैच में पहले ही दिन 17 विकेट गिरे। पहले बल्लेबाजी को उतरी हिमाचल प्रदेश की टीम प्रेरक मांकड़ (3/13), चिराग जॉनी (3/26) और जयदेव उनादकट (3/31 ) की गेंदबाजी के आगे120 रन पर ढेर हो गई। ओपनर प्रशांत चोपड़ा (33) और सुमित वर्मा (22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। सौराष्ट्र ने भी दिन का खेल खत्म होने तक 93 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज स्नेल पटेल (42) के अलावा सिर्फ अर्पित वसावडा (16) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। अनुभवी चेतेश्वर पुजारा केवल दो रन बना पाए। हिमाचल की ओर से वैभव अरोड़ा (3/20) और पंकज जायसवाल (3/29) ने अच्छा प्रदर्शन किया। सौराष्ट्र की टीम अब भी 27 रन से पीछे है जबकि उसके सिर्फ तीन विकेट शेष हैं।