रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचा गुजरात, गोवा को 464 रनों से हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात ने रविवार को रणजी ट्रॉफी के पहले क्वार्टरफाइनल मुकाबले में गोवा पर बड़ी जीत दर्ज की। इसके साथ ही गुजरात की टीम रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
सरदार वल्लबभाई पटेल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने गोवा को 464 रनों के विशाल स्कोर से हराया। इस मुकाबले में गुजरात ने कप्तान पार्थिव पटेल (124) और रोश कलारिया (118*) की शानदार शतकीय पारी की बदौलत अपनी पहली पारी आठ विकेट के नुकसान पर 602 रनों पर घोषित कर दी थी।
इसके जवाब में गोवा की पहली पारी महज 173 रन पर ही सिमट गई। पहली पारी में गुजरात की तरफ से मध्यम गति के गेंदबाज चिंतन गजा (5/19) ने बेहतरीन गेंदबाजी की। पहली पारी में 429 रन की बढ़त लेने के बावजूद कप्तान पार्थिव पटेल ने गोवा को फॉलोऑन के लिए आमंत्रित नहीं किया।
गुजरात ने दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी और 199 /6 के बाद पारी घोषित कर दी। जवाब में गोवा की दूसरी पारी भी 164 रन पर ही सिमट गई। गुजरात की तरफ से दूसरी पारी में सिद्धार्थ देसाई ने पांच और अरजान ने चार विकेट चटकाए।
बंगाल ने बनाई 443 रनों की बढ़त
बंगाल ने चौथे दिन स्टंप्स तक दूसरी पारी में सात विकेट के नुकसान पर 361 रन बना लिए थे। उनकी बढ़त 443 रनों की हो गई है। श्रीवत्स गोस्वामी ने 78 और अभिषेक रमन ने 67 रन बनाए। वहीं शाहबाज अहमद 52 और मुकेश कुमार 6 रन बनाकर नाबाद हैं। इससे पहले बंगाल ने अपनी पहली पारी में 332 रन बनाए थे। जवाब में ओडिशा की पहली 250 रन पर सिमट गई थी।
कर्नाटक ने बनाई 259 रनों की बढ़त
जम्मू और कश्मीर के खिलाफ चौथे दिन स्टंप्स तक कर्नाटक ने दूसरी पारी में कृष्णमूर्ति सिद्धार्थ के नाबाद 75 और रविकुमार समर्थ के 74 की बदौलत चार विकेट के नुकसान पर 245 रन बना लिए थे। उनकी बढ़त 259 रनों की हो गई है।
इसके पहले कर्नाटक के 206 रन के जवाब में जम्मू और कश्मीर 192 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी। कर्नाटक की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए थे। पहली पारी के आधार पर कर्नाटक को 14 रनों की बढ़त मिली थी।
सौराष्ट्र का अंतिम चार में पहुंचना तय
अवि बरोट (54), प्रेरक मांकड़ (85) और धर्मेंद्रसिंह जडेजा (60) के अर्द्धशतकों से सौराष्ट्र ने आंध्र के खिलाफ दूसरी पारी में नौ विकेट पर 375 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 658 रन कर ली है।
स्टंप के समय चेतन सकारिया नौ रन बनाकर जबकि कप्तान जयदेव उनादकट को अभी खाता खोलना है। पहली पारी की बढ़त के आधार पर सौराष्ट्र को सेमीफाइनल में पहुंचना तय है। सौराष्ट्र के पहली पारी के 419 रन के जवाब में आंध्र की टीम 136 रन पर ढेर हो गई थी।