फिर याद आई रमन लांबा की मौत की दर्दभरी कहानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल ह्यूज से न तो उनका कोई रिश्ता है और न ही कभी उनसे बात या मुलाकात हुई। बस जब से यह सुना कि फिल अपनी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं वह एक ही प्रार्थना कर रही थीं भगवान, फिल के परिवार को वह दर्द न देना जो पिछले 16 सालों से वह सहती आ रही हैं। लेकिन, ठीक उस घटना की तरह इस बार भी उनकी नहीं सुनी गई।
पुर्तगाल में रह रहीं और आयरलैंड की किम बृहस्पतिवार की सुबह जब उठीं तो सबसे पहले इसी मनहूस खबर से उनका सामना हुआ। फिर क्या था, वह सिहर उठीं। 16 साल पहले घटी वह काली घटना एकदम ताजा होकर उनके सामने आ खड़ी हुई। उन्हें सिर्फ और सिर्फ पूर्व टेस्ट क्रिकेटर पति रमन लांबा का चेहरा सामने दिखाई दे रहा था।
किम लांबा ने खुलासा किया कि बृहस्पतिवार सुबह जब उन्होंने यह दर्दनाक खबर सुनी तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ। उनका दिमाग बंद हो गया और वह निढाल हो गईं। वह पुराने दर्द से कराह उठीं। उनके सामने वही सीन थे जब रमन अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे और वह सभी उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे।
ह्यूज की जिंदगी के लिए कर रही थीं प्रार्थना
रमन की मौत की खबर सुनने के बाद क्या हुआ था, वह सारा दर्द बाढ़ की तरह उनके दिमाग में एक बार फिर तरोताजा हो उठा। एक सच्चाई यह भी है कि उन्हें रमन के साथ कम से कम 10 साल बिताने का मौका मिला।
रमन लांबा की पत्नी किम ने कहा कि इसके लिए वो अपने को सौभाग्यशाली मानती हैं लेकिन उनके दिमाग से यह नहीं निकल पा रहा है कि फिल महज 25 साल के थे। उनका उनसे कोई नाता नहीं है लेकिन वह उनके परिवार पर टूट पड़े कहर को समझ सकती हैं।
वह और उनका बेटा कामरान, बेटी जेसमिन सिर्फ और सिर्फ भगवान से यही प्रार्थना करते हैं कि उनके परिवार को इस खतरनाक सच्चाई से उबरने की क्षमता प्रदान करें। किम बताती हैं कि उन्हें उम्मीद थी कि 2014 की मेडिकल साइंस फिल को जिंदगी दिला देगी लेकिन यह संभव नहीं हुआ।
किम यह भी कहती हैं कि यह ऐसा वक्त है कि सभी को उनके परिवार को अकेला छोड़ देना चाहिए। वह मीडिया से अपील करती हैं कि इस वक्त क्रिकेटरों की सुरक्षा के लिए कोई नया विवाद नहीं खड़ा करना चाहिए। इस सब के लिए यह सही वक्त नहीं है।