टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इसके बाद से ही साथी खिलाड़ी उनके साथ गुजारे खास पल और तमाम किस्से साझा कर रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय टीम के फिरकी गेंदबाज आर अश्विन ने धोनी से जुड़ा एक खुलासा किया है। अश्विन ने बताया कि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद धोनी की आंखों में आंसू थे और वो पूरी रात सफेद जर्सी पहने रहे थे।
अश्विन ने बताया कि मुझे याद है कि साल 2014 में जब वो टेस्ट क्रिकेट से रिटायर हुए थे, तब मैं उनके साथ मेलबर्न में मैच बचाने की कोशिश कर रहा था। जब हम वो मैच हार गए, तो उन्होंने एक स्टंप उठाया और बोला कि 'बस अब हो गया।' उनके लिए यह पल बेहद ही भावुक करने वाला था। अश्विन ने बताया कि उस दिन शाम को मैं, सुरेश रैना और इशांत शर्मा उनके कमरे में बैठे थे। धोनी अपनी सफेद जर्सी पूरी रात पहने रहे और उनकी आंखों में आंसू थे।
अश्विन ने धोनी के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में जिक्र करते हुए बताया कि, मैं उनसे पहली बार चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज वन-डे के दौरान नेट गेंदबाज के तौर पर मिला था। फिर जब मैं 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुआ, तो मुझे उनके साथ खेलने का मौका मिला और बहुत कुछ सीखने को भी मिला। जब मैं उनसे पहली बार मिला था तो उनके लंबे बाल थे, लेकिन फिर सीएसके में उनके साथ समय बिताने के बाद मुझे एहसास हुआ कि वो एक परिपक्व खिलाड़ी और कप्तान हैं।
4 of 4
एमएस धोनी और आर अश्विन
- फोटो : ipl
अश्विन ने यह भी साझा किया कि धोनी ने उन्हें करियर की शुरुआत में बेहतरीन सलाह दी थी, जिसे वो आजतक मानते हैं। उन्होंने बताया कि 2010 चैंपियंस लीग के दौरान, उन्होंने मुझे एक बहुत महत्वपूर्ण सबक सिखाया। मैंने विक्टोरिया बुशर्स के खिलाफ सुपर ओवर फेंका था, जो सफल नहीं रहा। इसके बाद एमएस मेरे पास आए और कहा कि आपने दबाव में अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंद नहीं डाली। आपके पास कैरम बॉल है, जिसे और अधिक उपयोग करने की आवश्यकता है।