तारीफ: हरलीन के करिश्माई कैच के मुरीद हुए पीएम मोदी, कहा- अद्भुत और शानदार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरलीन देओल द्वारा पकड़े गए कैच की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इस कैच को अद्भुत और शानदार बताया है। 9 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 मैच में हरलीन ने इंग्लैंड की बल्लेबाज एमी जोंस का हैरतअंगेज कैच लपका था।
विस्तार
इन दिनों भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीयम मैचों की सीरीज खेली जा रही है। श्रृंखला का पहला मैच दोनों टीमों के दरम्यान 9 जुलाई को नॉर्थम्पटन में खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को 18 रनों से हराया। भारतीय महिला टीम भले ही यह मुकाबला हार गई हो लेकिन हरलीन देओल ने अपनी शानदार फील्डिंग के जरिए सबका दिल जीत लिया। उन्होंने मैच में इंग्लैंड की बल्लेबाज एमी जोंस का अद्भुत कैच लपका। उनके द्वारा पकड़े गए इस कैच की तारीफ कई महिला और पुरुष क्रिकेटरों ने कही है। उनके इस हैरतअंगेज कैच की तारीफ करने वालों में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो गए हैं। पीएम मोदी ने हरलीन द्वारा पकड़े गए शानदार कैच को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया।
प्रधानमंत्री ने इस पोस्ट को हरलीन देओल को टैग किया और लिखा, अद्भुत और शानदार। इससे पहले उनके इस कैच की तारीफ सचिन तेंदुलकर ने भी की थी। मास्टर ब्लास्टर सचिन ने लिखा था हरलीन का कैच शानदार था। यह मेरे लिए साल का सबसे अच्छा कैच है। सचिन के अलावा वीवीएस लक्ष्मण, मिताली राज, सुरेश रैना जैसे क्रिकेटरों ने भी उनके इस कैच की जमकर तारीफ की। हरलीन ने यह करिश्माई कैच 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर इंग्लैंड की बल्लेबाज एमी जोंस का लपका था। इस दौरान उन्होंने पहले गेंद को सीमा रेखा के बाहर जाने से रोका फिर हवा में गोता लगाते हुए उस कैच को लपका।
इस मैच में इंग्लैंड की महिला टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 177 रन बनाए थे। वहीं 178 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में 54 रन पर तीन विकेट खो दिए। उसके बाद बारिश शुरु हो गई। खराब मौसम और बारिश के चलते फिर आगे खेल न हो सका। इसके बाद डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर इंग्लैंड ने भारत को 18 रनों से हरा दिया।
Superb athleticism and a stunning catch by Harleen Deol. Cricket fielding at its very best. pic.twitter.com/nVde2PWQSF
— Mazher Arshad (@MazherArshad) July 9, 2021