टीम इंडिया का पलड़ा भारी, अब टी-20 सीरीज जीतने पर नजर
पहले मैच में हार के बाद जिस तरह से मेजबान जिम्बाब्वे को दूसरे टी-20 मैच में 10 विकेट से हराया है उससे टीम इंडिया के खिलाड़ियों को मनोबल बढ़ा हुआ है। बुधवार को जब धोनी की युवा ब्रिगेड तीसरे और निर्णायक टी-20 में मैदान में उतरेगी तो उनका इरादा सीरीज अपने नाम करने का होगा।
टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-1 से बराबरी पर है। शनिवार को पहले टी-20 में धोनी के धुरंधरों को दो रन से शिकस्त मिली थी। इस मैच का प्रसारण दूरदर्शन पर साढे़ चार बजे से होगा।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में मेहमान टीम ने दूसरे टी-20 में जबरदस्त वापसी की। भारतीय टीम ने पहली बार टी-20 में दस विकेट से जीत हासिल की। धोनी की अगुआई में बरिंदर सरां, मनदीप सिंह, लोकेश राहुल और जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन किया।
युवा पेसर सरां ने भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 रन देकर चार विकेट झटके जबकि बुमराह ने तीन विकेट हासिल किए। मनदीप ने अर्द्धशतक जड़ा जबकि राहुल ने भी प्रभावी पारी खेली। हालांकि इस ऐतिहासिक जीत के बावजूद भारतीय टीम मेजबानों को हल्के में नहीं लेगी।
धोनी ने दी टीम को सलाह ज्यादा जोश में न रहें युवा खिलाड़ी
कप्तान धोनी ने सभी टीम के सभी युवा साथियों को आत्ममुग्धता से बचने की सलाह दी है। दूसरी ओर ग्रीम क्रीमर की अगुआई में जिम्बाब्वे की टीम भी सीरीज में सकारात्मक अंत करना चाहेगी। इसके लिए चामू चिभाभा, हैमिल्टन मासकाद्जा, सिकंदर रजा, एल्टन चिगुंबुरा और मैलकम वालेर को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
संभावित टीमेंः भारत : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), लोकेश राहुल, फैज फजल, मनीष पांडेय, करुण नायर, अंबाती रायडू, ऋषि धवन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, धवल कुलकर्णी, जसप्रीत बुमराह, बरिंदर सरां, मनदीप सिंह, केदार जाधव, जयदेव उनादकट और युजवेंद्र चहल।
जिम्बाब्वे : ग्रीम क्रेमर (कप्तान), वुसीमुजी सिबांदा, सिकंदर रजा, एल्टन चिगुम्बुरा, हैमिल्टन मासकाद्जा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, तेंडाई चतारा, चामू चिभाभा, डोनाल्ड तिरिपानो, मैल्कम वालेर, पीटर मूर, तापिवा मुफुद्जा, टिनोटेंडा मुतोम्बोद्जी, रिचमंड मुतुम्बामी, तौराई मुजारबानी, ब्रायन चारी, नेविल मादजिवा और तिमीसेन मारूमा।
Published by SURENDRA KUMAR VERMA