{"_id":"d9e5748c-6aeb-11e2-a797-d4ae52bc57c2","slug":"preview-india-take-on-west-indies-in-tournanment-opener","type":"story","status":"publish","title_hn":"जीत से आगाज करने उतरेंगी भारतीय महिलाएं","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
जीत से आगाज करने उतरेंगी भारतीय महिलाएं
मुंबई/एजेंसी
Updated Thu, 31 Jan 2013 12:50 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
10वें महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप का आगाज बृहस्पतिवार से यहां मेजबान भारत और वेस्ट इंडीज के बीच होने वाले ग्रुप ‘ए’ के पहले मैच से होगा। भारत की निगाह वेस्ट इंडीज के खिलाफ जीत से आगाज करने पर होगी। वर्ल्ड कप इतिहास पर नजर डाले तो दोनों टीमों के बीच कुल चार बार भिड़ंत हुई है और सभी मैच भारत की झोली में गए हैं। मिताली राज की कमान में टीम इस रिकॉर्ड को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
विज्ञापन
मिताली का बल्ला चलना जरूरी
शानदार फॉर्म में चल रही मिताली राज भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ हैं। उनके अलावा पूनम राउत, तिरूण कामिनी, हरमनप्रीत, निरंजना नागराजन, रीमा मल्होत्रा और मोना मैशराम से टीम को बड़े स्कोर की उम्मीद होगी। भारतीय टीम को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया मैच में पासा पलटने का माद्दा रखती है।
विज्ञापन
भारतीय गेंदबाजी में है गहराई
भारत के पास अमिता शर्मा, गौहर सुल्ताना, रसनारा परवीन, झूलन गोस्वामी और एकता बिष्ट जैसी बेहतरीन गेंदबाज भी हैं। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैचों में इन सभी गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतरीन था। ऐसे में भारतीय महिलाएं वेस्ट इंडीज पर भारी पड़ सकती हैं। दूसरी ओर, वेस्ट इंडीज को अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया से 135 रनों के भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ था।
विज्ञापन
भारतीय टीम मजबूत: एग्यूलिएरा
वेस्ट इंडीज महिला टीम की कप्तान मेरिसा एग्यूलिएरा ने कहा कि पिछले साल भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज जीतने के बावजूद वह विश्व कप के शुरुआती मैच में मेजबान भारत को नजरअंदाज नहीं कर सकती। एग्यूलिएरा ने कहा, ‘वो टूर्नामेंट हमारे लिए काफी अच्छा रहा था और दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी थी। हमारी टीम बढ़िया प्रदर्शन कर रही है। लेकिन आप भारत ही क्या, किसी भी टीम को नजरअंदाज नहीं कर सकते। भारत एक अच्छी टीम है और उसमें मिताली राज और झूलन गोस्वामी जैसे बढ़िया खिलाड़ी हैं। उनमें विश्व कप जीतने का माद्दा है।’
नंबर गेम
17 : मैच भारत ने वेस्ट इंडीज से कुल खेले हैं और 13 जीते, चार हारे हैं।
04 : मैच भारत ने वर्ल्ड कप में विंडीज से खेले हैं और सभी जीते हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगा मैच
आईसीसी महिला विश्व कप में पाकिस्तान की मौजूदगी के चलते मुंबई और कटक में होने वाले मैचों के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। महिला विश्व कप के ग्रुप ‘ए’ के मुकाबले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के ब्रेबोर्न स्टेडियम, एमआईजी क्लब और बांद्रा कुर्ला कॉमप्लेक्स में आयोजित किए जाएंगे।
इस ग्रुप में मेजबान भारत, इंग्लैंड, वेस्ट इंडीज और श्रीलंका की टीम शामिल है। ग्रुप ‘बी’ में शामिल ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के मुकाबले ओडिशा के कटक में खेले जाएंगे।
वेस्ट इंडीज से मुकाबला आज, प्रसारण : स्टार क्रिकेट पर दोपहर 2.30 बजे से।