एक और क्रिकेटर हुआ चोटिल, हॉस्पिटल में भर्ती
क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के चोटिल होने का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। कान के पीछे चोट लगने पर एक केक्रिकेटर को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बंगाल के बल्लेबाज विरतम पोराल को शुक्रवार को उस समय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जब एक मैच में क्षेत्ररक्षण के दौरान उनके बाएं कान में चोट लग गई। भुवानीपुर और ईस्ट बंगाल के बीच एक क्लब मैच में पोराल क्रीज के बेहद करीब खड़े होकर क्षेत्ररक्षण कर रहे थे।
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) की ओर से आयोजित किए जाने वाले तीन दिवसीय लीग टूर्नामेंट एएन घोष ट्रॉफी के फाइनल मैच में 26 साल के पोराल फारवर्ड शॉर्ट लेग पर क्षेत्ररक्षण कर रहे थे और उन्हें उस समय कान पर गंभीर चोट लग गई जब वह भुवानीपुर के बल्लेबाज प्रीनन दत्ता के पुल शॉट से बचने का प्रयास कर रहे थे।
चोट लगने के बाद पोराल ने बताया कि हेलमेट पहनने के बावजूद उनके बाएं कान में चोट आई है।
पोराल की टीम के ही साथी खिलाड़ी की मैदान पर हो गई थी मौत
बंगाल के उभरते बल्लेबाज विरतम पोराल के चोटिल होने की घटना ने साल के मध्य में घटी उस घटना की याद दिला दी जिसमें बंगाल अंडर-19 टीम के कप्तान अंकित केशरी की मौत हो गई थी। अंकित भी ईस्ट बंगाल के लिए खेलते हुए भुवानीपुर के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल गए थे और बाद में उनका निधन हो गया था।
उस मैच के दौरान स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में अंकित अपनी टीम के खिलाड़ी से टकरा गए जिस कारण उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया लेकिन कुछ दिन बाद उनकी मौत हो गई। पोराल क्षेत्ररक्षण के दौरान चोटिल हुए थे जबकि अंकित गेंदबाज सौरव मंडल से लड़ गए थे। पोराल ने 2010 से 12 तक बंगाल के लिए 10 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं।
इसके अलावा पिछले साल बल्लेबाजी के दौरान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फिल ह्यूज चोटिल हो गए और 2 दिन बाद उनकी मौत हो गई थी।