'अजेय रथ' पर सवार टीम अब क्लीन स्वीप की ओर
अपने घर में 'अजेय रथ' पर सवार न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में भी जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। दो मैचों की सीरीज में मेजबान टीम ने 1-0 की बढ़त बना रखी है।
हैमिल्टन में खेले जा रहे मैच में श्रीलंका की ओर से रखे गए 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने पांच विकेट पर 142 रन बनाए लिए हैं। न्यूजीलैंड को जीत के लिए अब 47 रन की जरूरत है जबकि उसके पांच विकेट शेष हैं।
तीसरे दिन स्टंप्स तक न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियम्सन 78 रन पर नाबाद लौटे जबकि बीजे वॉटलिंग को अभी अपना खाता खोलना है। विलियम्सन ने 120 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाया है। न्यूजीलैंड की ओर से दूसरी पारी में रॉस टेलर 35 रन बनाकर आउट हुए जबकि कप्तान ब्रेंडन मैककुलम ने 18 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दूसरी पारी में दुष्मांथा चमीरा ने चार विकेट झटके। विलियम्सन ने श्रीलंका के खिलाफ खेली अपनी 6 पारियों में 5 बार 50 से ज्यादा का स्कोर कर चुके हैं।
महज 62 रन के अंदर ऑलआउट हो गई श्रीलंका की टीम
पहली पारी में 292 रन बनाने वाली श्रीलंका की दूसरी पारी 133 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में उसकी ओर से कुसाल मेंडिस ने सबसे अधिक 46 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए दूसरी पारी में टिम साउदी ने चार जबकि नील वेगनर ने तीन विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 237 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में श्रीलंका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 71 रन था लेकिन पूरी टीम 62 रन और जोड़कर ऑलआउट हो गई। ऐसा इससे पहले 5 बार हुआ है जब किसी टीम ने 50 रन से ज्यादा की ओपनिंग साझेदारी होने के बाद टीम महज 62 रन या उससे कम रन पर आउट हो गई हो। आखिरी बार भी न्यूजीलैंड में 2001 में हुआ था जब मेजबान किवी टीम पाकिस्तान से 431 रनों का लक्ष्य मिलने के बाद 131 रनों पर आउट हो गई थी।
न्यूजीलैंड ने अपने घर में पिछले 3 साल को कोई टेस्ट नहीं गंवाया है। मार्च 2012 से लेकर अभी तक न्यूजीलैंड ने अपने घर में लगातार 12 टेस्ट में हार का सामना नहीं किया है।