MIvDD: दिल्ली वाले जेसन रॉय ने जीत लिया दिल, MI को रौंदकर खोला जीत का खाता
जेसन रॉय (91*) की बेहतरीन पारी की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने शनिवार को मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराकर जीत का खाता खोला। आईपीएल 2018 के 9वें मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 194 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने अंतिम गेंद पर तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मैच में दिल्ली को अंतिम ओवर में जीत के लिए 11 रन की दरकार थी। मुस्ताफिजुर रहमान के इस ओवर की पहली गेंद पर रॉय ने कवर्स और लांगऑफ के बीच से उठा हुआ शानदार शॉट खेलकर चौका जमाया। अगली ही गेंद पर रॉय ने छक्का जड़कर दिल्ली की जीत सुनिश्चित कर दी। इसके बाद मुस्ताफिजुर रहमान ने मैच का रोमांच बढ़ा दिया और लगातार तीन गेंदें खाली निकाली। हालांकि, अंतिम गेंद पर मुस्ताफिजुर रहमान ने फैंस की धड़कने बढ़ा दी थी क्योंकि रॉय ने हवा में शॉट खेला, लेकिन कवर्स की दिशा में कोई फील्डर मौजूद नहीं था। इसका फायदा दिल्ली को मिला और वह जीत दर्ज करने में कामयाब हो गया।
जेसन रॉय को 53 गेंदों में 6 चौको और 6 छक्को की मदद से 91* रन की पारी खेलने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली डेयरडेविल्स को जेसन रॉय और कप्तान गौतम गंभीर (15) ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पांचवें ओवर में स्कोर 50 रन पर पहुंचा दिया। मुस्ताफिजुर रहमान ने गंभीर का कैच कप्तान रोहित शर्मा के हाथों कराकर दिल्ली को पहला झटका दिया।
यहां से रॉय ने ऋषभ पंत (47) के साथ 40 गेंदों में 69 रन की साझेदारी करके दिल्ली को फ्रंटफुट स्थिति में ला खड़ा किया। इस बीच जेसन रॉय ने जसप्रीत बुमराह द्वारा किए पारी के 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर दो रन लेकर अपना अर्धशतक जड़ा।
रॉय ने 27 गेंदों में तीन चौको और चार छक्को की मदद से पचासा पूरा किया। पंत अपना अर्धशतक चूके और कृनाल पांड्या की गेंद पर पोलार्ड को कैच थमाकर डगआउट लौट गए। पोलार्ड ने लांग ऑफ पर पंत का दर्शनीय कैच लपका। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 25 गेंदों में 6 चौको और दो छक्को की मदद से 47 रन बनाए।
रॉय को फिर श्रेयस अय्यर (27*) का साथ मिला और दोनों ने 60 रन की अविजित साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई। हालांकि, अय्यर को मुंबई के फील्डर्स का भी साथ मिला, जिन्होंने बल्लेबाज को दो कैच टपककर लाइफ लाइन दी। इसके अलावा रॉय और अय्यर ने कई आकर्षक शॉट्स लगाकर दिल्ली की टूर्नामेंट में पहली जीत पर मुहर लगाई। मुंबई इंडियंस की तरफ से कृनाल पांड्या ने दो जबकि मुस्ताफिजुर रहमान को एक विकेट मिला।
MI के ओपनर्स की रिकॉर्ड साझेदारी, दिल्ली ने ऐसे की वापसी
इससे पहले सूर्यकुमार यादव (53) की उम्दा पारी और एविन लेविस (48) के साथ शतकीय साझेदारी के दम पर मुंबई इंडियंस निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 194 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को ओपनर्स सूर्यकुमार यादव (53) और एविन लेविस (48) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने केवल 54 गेंदों में 102 रन की साझेदारी करके दिल्ली पर पूरी तरह दबाव बना दिया। लेविस-यादव की जोड़ी मौजूदा आईपीएल में शतकीय साझेदारी करने वाली पहली जोड़ी बन गई है।
राहुल तेवटिया ने लेविस को जेसन रॉय के हाथों कैच आउट कराकर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद यादव ने अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और तेवटिया की गेंद पर LBW आउट हो गए। यादव ने 32 गेंदों में 7 चौको और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाए।
यहां से रोहित शर्मा और इशान किशन (44) ने तेजी से 64 रन की साझेदारी की। किशन अपना अर्धशतक पूरा करने से केवल 6 रन दूर रह गए और डेनियल क्रिस्चियन की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में क्लीन बोल्ड हो गए। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 23 गेंदों में 5 चौको और दो छक्को की मदद से 44 रन बनाए। यहां से मुंबई की पारी ताश के पत्तो की तरह ढहना शुरू हो गई।
अगली ही गेंद पर क्रिस्चियन ने किरोन पोलार्ड को बोल्ड करके मुंबई को तगड़ा झटका दिया। कृनाल पांड्या (11) को शमी ने तेवटिया के हाथों कैच आउट कराया। फिर बोल्ट ने हार्दिक पांड्या (2) को श्रेयस के हाथों झिलवाकर मुंबई को सातवां झटका दिया। दिल्ली की ओर से ट्रेंट बोल्ट, डेनियल क्रिस्चियन और राहुल तेवटिया ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी को एक सफलता मिली।
इससे पहले दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दोनों ही टीमों में 2-2 बदलाव किए। दिल्ली डेयरडेविल्स ने क्रिस मॉरिस और कॉलिन मुनरो की जगह जेसन रॉय और डेन क्रिस्चियन को टीम में शामिल किया है। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस ने बेन कटिंग की जगह अकीला धनंजय और प्रदीप सांगवान की जगह हार्दिक पांड्या को खिलाया है।
टीमें इस प्रकार हैं-
दिल्ली डेयरडेविल्स: गौतम गंभीर (कप्तान), जेसन रॉय, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, डेन क्रिस्चियन, राहुल तेवटिया, शाहबाज नदीम, ट्रेंट बोल्ट और मोहम्मद शमी
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), एविन लेविस, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, कृनाल पांड्या, किरोन पोलार्ड, अकिला धनंजय, मयंक मार्कंडे, मुस्ताफिजुर रहमान, और जसप्रीत बुमराह