World Cup: 'हर बार 400 पार करने वालों का हाल देखो', कोलकाता में जीत के बाद शमी ने दक्षिण अफ्रीका पर कसा तंज
विश्व कप के मौजूदा संस्करण में चार मैच खेलने वाले शमी ने अब तक 16 विकेट लिए हैं। उन्होने मैच के बाद अफ्रीकी टीम पर कटाक्ष किया। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
विस्तार
विश्व कप के मौजूदा संस्करण में चार मैच खेलने वाले शमी ने अब तक 16 विकेट लिए हैं। उन्होने मैच के बाद अफ्रीकी टीम पर कटाक्ष किया। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। शमी ने आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए मजेदार जवाब दिया। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने उनसे पूछा, ''आपने ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका को हराया। अब हम नई टीम क्या चांद पर से लाए?''
शमी का धमाकेदार जवाब
शमी ने कैफ के सवाल पर मजेदार जवाब किया और कहा, ''हर बार 400 पार करने वालों का हाल देखो।'' अफ्रीकी टीम की बात करें तो उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ 357, बांग्लादेश के खिलाफ 382 रन, इंग्लैंड के खिलाफ 399, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 311 और श्रीलंका के खिलाफ 428 रन बनाए थे। माना जा रहा था कि उसके बल्लेबाजों के सामने भारतीय गेंदबाजों की असली परीक्षा होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अफ्रीकी बल्लेबाज कुल 100 रन भी नहीं बना पाए।
“Har baar 400 paar karne walo ka haal dekho”
— Cricketopia (@CricketopiaCom) November 6, 2023
~ Shami 🔥🔥🔥 pic.twitter.com/V3IxU0bsEV
मैच में क्या हुआ?
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 326 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 101 रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने वनडे में 49वां शतक लगाया और सचिन के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। श्रेयस अय्यर ने 77 और कप्तान रोहित ने 40 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए एडेन मार्करम को छोड़ सभी गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया।
इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 83 रन बना सकी। सबसे ज्यादा 14 रन मार्को यानसेन ने बनाए। उनके अलावा डुसेन ने 13 रन और बावुमा-मिलर ने 11-11 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी अफ्रीकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट लिए। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया।