टीम इंडिया के दो धुरंधरों के बीच होगा हाईवोल्टड मुकाबला
भारतीय क्रिकेट के दो धुरंधर बुधवार को आमने-सामने होंगे। आईपीएल में बुधवार को महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली की टीमों के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला होना है। चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम में धोनी के धुरंधर और रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर की टीम में विराट के वीरों के बीच कड़ी आजमाइश होनी तय है।
बंगलोर की टीम सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार दो मुकाबले हारी है। अब उसके सामने दो बार की चैंपियन चेन्नई की टीम की कड़ी चुनौती है। विराट की टीम ने तीन में से एक मुकाबला जीता है और अब टीम के मजबूत बल्लेबाजी क्रम पर सफलता प्रतिशत बढ़ाने की उम्मीदें टिकी हैं।
उनके पास क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स और खुद वह (विराट कोहली) जैसे बड़े बल्लेबाज हैं। अगर गेल की बात करें तो उन्होंने 53 मैचों में 25 बार टॉप स्कोर किया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में हालांकि वो अपने स्वभाव के विपरीत 24 गेंदों पर दस रन ही बना पाए थे। उन्हें अपने आक्रामक तेवर फिर से दिखाने की जरूरत है।
दूसरी ओर चेन्नई अभी तक सभी विभागों में अच्छा करने में सफल रही है। टीम ने दिल्ली डेयरडेविल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले तीनों मुकाबले जीते लेकिन पिछले मैच में अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स से पराजित हो गई।
कोलकाता की निगाह जीत की हैट्रिक पर
लगातार दो जीत के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स के हौसले बुलंद हैं। गत चैंपियन टीम बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। गौतम गंभीर की अगुआई में केकेआर ने सोमवार को दिल्ली डेयरडेविल्स को पराजित किया था। उधर हैदराबाद की टीम को पिछले मुकाबले में दिल्ली ने चार रनों से हराया था।
हैदराबाद टीम की डेविड वार्नर और शिखर धवन की सलामी जोड़ी यदि अच्छी शुरुआत नहीं दे पाती है तो उनके बाद की बल्लेबाजी लाइन अप उतनी फार्म में और मजबूत नजर नहीं आ रही है। दिल्ली के खिलाफ भी उसके मध्यक्रम ने खासा निराश किया था। टीम विदेशी खिलाड़ियों पर अधिक निर्भर है।
हैदराबाद में दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन शामिल हैं और टीम का प्रदर्शन बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि वह अपने चार ओवरों में जोड़ीदार भुवनेश्वर कुमार के साथ कैसा प्रदर्शन करते हैं। दूसरी ओर केकेआर के लिए पिछले मैच में गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उमेश यादव और मोर्ने मोर्केल की तेज गेंदबाजों की जोड़ी ने दिल्ली के बल्लेबाजों पर शुरू में ही अंकुश लगा दिया था।