क्या दिल्ली में हिसाब बराबर कर पाएगी टीम इंडिया?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में उम्मीदों के विपरीत परिणाम के बाद टीम इंडिया की नजर अब वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा वनडे जीतकर हिसाब बराबर करने पर होगी।
यह मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेला जाएगा और हर बार की तुलना में इस बार यहां की पिच तेज गेंदबाजों की मददगार रह सकती है। ऐसे में धोनी एंड कंपनी के लिए जरूरी है कि वे अपनी कमियों को दूर कर मैदान पर उतरे।
टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता इस समय युवा धुरंधर विराट कोहली की खराब फॉर्म है। इंग्लैंड दौरे से चला आ रहा उनकी असफलता का सिलसिला विंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भी जारी रहा।
चिंता इसलिए और बड़ी है क्योंकि वे लगातार एक ही तरह की गेंदों पर अपना विकेट गंवा रहे हैं। कोटला उनका घरेलू मैदान भी है इसलिए यहां विराट फॉर्म हासिल करते हैं तो उनके प्रशंसकों के लिए भी यह यादगार दिन बन जाएगा। ओपनिंग में शिखर धवन का लय में लौटना भारत के नजरिए से अच्छी बात रही।
चोटिल मोहित शर्मा की जगह इशांत शर्मा टीम में
गेंदबाजी की बात करें तो चोटिल मोहित शर्मा की जगह टीम में शामिल किए गए अनुभवी इशांत शर्मा की मौजूदगी से भारतीय तेज गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। मोहित पिंडलियों में चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं। समस्या स्पिनरों के मोर्चे पर भी है।
कोच्चि में स्पिनरों ने 22 ओवर में 142 रन लुटाए थे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे वनडे में चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को खिलाया जाता है या नहीं। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी का दारोमदार एक बार फिर पिछले मैच के शतकवीर मार्लोन सैमुअल्स और दिनेश रामदीन पर होगा। उनके अलावा कीरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल से भी विस्फोटक पारियों की उम्मीद होगी।
'गेल और नारायन जैसे दिग्गजों की अनुपस्थिति में विश्व चैंपियन टीम के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना लेना काफी सुखद है। एक समय था जब हम शुरुआत तो अच्छी करते थे लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार अंत नहीं कर पाते थे। हालांकि अब हमने लय हासिल कर ली है और उम्मीद है कि इसे जारी रखेंगे।'
---ड्वेन ब्रावो, कप्तान, वेस्टइंडीज