गेंदबाजों के दम पर हैदराबाद ने KKR को पीटा
कप्तान डेविड वार्नर (91) और शिखर धवन (54) के बीच हुई शतकीय साझेदारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने जीत के लिए 178 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा लेकिन इसके बाद बारिश ने खेल बिगाड़ दिया जिससे कोलकाता को छोटा लक्ष्य मिला लेकिन गेंदबाजों ने उसे भी हासिल नहीं करने दिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
विशाखापट्टनम में खेले गए मैच में एक घंटे से भी ज्यादा समय तक खेल के बाधित होने के बाद डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर कोलकाता को जीत के लिए संशोधित 12 ओवर में 118 रनों का लक्ष्य दिया गया लेकिन टीम उसे हासिल नहीं कर सकी और लक्ष्य से 16 रन दूर रह गई। कोलकाता के लिए रॉबिन उथप्पा ने सबसे ज्यादा 34 और मनीष पांडे ने नाबाद 33 रन बनाए।
इससे पहले हैदराबाद ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। उसकी ओर से कप्तान डेविड वार्नर ने सर्वाधिक 91 रनों का योगदान दिया। जबकि शिखर धवन ने 54 रन बनाए। कोलकाता के लिए मोर्ने मोर्कल ने 2 विकेट झटके।
लगातार दो जीत के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स हैट्रिक जीत की उम्मीद कर रही थी लेकिन उसकी उम्मीद टूट गई। कोलकाता ने 5 में से तीसरा मैच गंवाया है। वहीं हैदराबाद की टीम ने पिछले मुकाबले में दिल्ली को हराने के बाद एक और जीत हासिल कर ली। उसकी इतने ही मैचों से यह दूसरी जीत है।
वार्नर और धवन के बीच हुई शतकीय साझेदारी
पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिलने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद को उसकी सलामी जोड़ी कप्तान डेविड वार्नर और शिखर धवन ने जोरदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 7 ओवर में टीम को 50 के पार पहुंचा दिया और 12वें ओवर में सौ रन बना लिए।
इस बीच वार्नर ने आतिशी पारी जारी रखी और 36 गेंदों में अर्धशतक ठोंक दिया। कप्तान की पारी के आगे धवन ने आराम से खेलना पसंद किया और जोड़ी ने पहले विकेट के लिए कोलकाता के गेंदबाजों को तरसाया रखा। कोलकाता को पहली सफलता 15वें ओवर में मिली। तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर वार्नर को कैच आउट करा दिया। वार्नर जब आउट हुए उस समय वह अपने शतक से महज 9 रन दूर थे। उन्होंने 55 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्के की मदद से 91 रन बनाए।
वार्नर के जाने के बाद धवन का साथ देने रवि बोपारा (2) आए लेकिन वह मोर्कल के अगले ओवर में कैच आउट हो गए। इसके बाद धवन ने भी अपना अर्धशतक ठोंक दिया। उन्होंने 43 गेंदों में पचासा पूरा किया। हालांकि वह 54 रन के निजी स्कोर पर आंद्रे रसेल की गेंद पर कैच आउट हो गए।
अंतिम ओवर में उमेश यादव ने नमन ओझा (18) को बोल्ड कर चलता किया। हैदराबाद लाजवाब शुरुआत के बाद बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी लेकिन अंतिम ओवरों में विकेट गंवाने से ज्यादा रन नहीं बना पाए।