बेहद रोमांचक मुकाबले में जीता न्यूजीलैंड
ऑकलैंड में खेले गए वर्ल्ड कप के पहले रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने साहसिक बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 4 विकेट से हराते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। न्यूजीलैंड ने अपने सातवें सेमीफाइनल में खिताबी जंग में जगह बनाई।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
बारिश से बाधित वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर न्यूजीलैंड के सामने 43 ओवरों में जीत के लिए 298 रनों का मुश्किल सा लक्ष्य रखा था जिसे उसने एक गेंद शेष रहते 42.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जीत के नायक रहे ग्रैंड एलियट ने अंतिम गेंद फेंके जाने से पहले डेल स्टेन की गेंद पर छक्का जड़कर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। एलियट ने 73 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 84 रन बनाए।
इससे पहले संशोधित 43-43 ओवरों के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 281 रन बनाए। अफ्रीकी टीम के लिए फैफ डु प्लेसिस ने सर्वाधिक 82 रनों का योगदान दिया। उनके अलावा कप्तान एबी डिविलियर्स (नाबाद 65) और डेविड मिलर (49 रन, 18 गेंद) ने स्लॉग ओवरों में तूफानी पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका ने अंतिम 28 गेंदों में 64 रन बनाए।
अपना सातवां सेमीफाइनल खेलने उतरी न्यूजीलैंड की टीम पहली बार फाइनल में पहुंचने में सफल रही है, जबकि अफ्रीकी टीम एक बार फिर चोकर्स साबित हुए और उन्हें रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ गया। न्यूजीलैंड की टीम अब 29 मार्च को मेलबर्न में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले की विजेता से भिड़ेगी।
खराब शुरुआत के बाद लय पकड़ चुकी अफ्रीकी टीम के लिए बारिश एक बार फिर से बाधा बनी क्योंकि जब उनकी पारी की 38वें ओवर के बाद शुरू हुई बारिश के कारण मैच लगभग एक घंटा नहीं खेला जा सका जिस कारण ओवरों की संख्या घटा दी गई और मुकाबले को 43-43 ओवरों का कर दिया गया। अफ्रीकी टीम को इसके बाद सिर्फ 5 ओवर ही खेलने का मौका मिला।
धीमी शुरुआत के बाद प्लेसिस और डीविलियर्स की फिफ्टी
न्यूजीलैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला गलत साबित हुआ। पारी की शुरुआत करने हाशिम अमला के साथ क्विंटन डी कॉक क्रीज पर आए और तेजी से रन बनाना शुरू और इस बीच कॉक को एक आसान जीवनदान भी मिला लेकिन टीम के लिए इसका खास फायदा नहीं हुआ क्योंकि अगले ओवर में उसे बड़ा झटका लग गया।
तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने एक गजब की गेंद पर हाशिम अमला (10) को बोल्ड कर कीवी टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बोल्ट ने आठवें ओवर में कॉक को कैच आउट कर अपना दूसरा शिकार बना दिया। इसके साथ ही बोल्ट ने वर्ल्ड कप में अपने 21 विकेट पूरे कर लिए और एक टूर्नामेंट में इतने विकेट हासिल करने वाले वह न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज भी बन गए। अफ्रीकी टीम ने 31 रन पर ही अपने सलामी बल्लेबाजों को गंवा दिया था।
दोहरे झटके के बाद फैफ डु प्लेसिस ने बेहद धीमी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए रीले रोसोउ के साथ तीसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की। हालांकि रोसोउ 39 रन बनाने के बाद कोरी एंडरसन की गेंद पर मार्टिन गुप्टिल के हाथों कैच आउट हो गए। दोनों ने 25वें ओवर में टीम को सौ के पार पहुंचाया।
लंबे समय से शांत दिख रहे प्लेसिस ने आज बढ़िया बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और रोसोउ के साथ जोड़ी टूटने के बाद कप्तान एबी डीविलियर्स के साथ भी पारी को आगे बढ़ाया। इस बीच उन्होंने छक्का जड़ते हुए अपना अर्धशतक भी पूरा किया। इस जोड़ी ने शुरुआत में हुई धीमी बल्लेबाजी को पीछे छोड़ा और तेजी से रन बनाते हुए 37वें ओवर में टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। केन विलियम्सन से जीवनदान पाने के बाद डीविलियर्स ने भी अर्धशतक लगाया।
38वें ओवर के बाद बारिश से खेल काफी बाधित हो गया और मैच में ओवरों की संख्या घटाकर 43-43 ओवरों का कर दिया गया। बारिश के बाद खेल शुरू होते ही प्लेसिस 82 रन बनाकर कैच आउट हो गए।
तेज शुरुआत के बावजूद बैकफुट पर न्यूजीलैंड
डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर दक्षिण अफ्रीका के 298 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की धमाकेदार शुरुआत रही। कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने आतिशी पारी खेलते हुए मैदान के चारों ओर छक्के और चौकों की बरसात की। उन्होंने मात्र 5 ओवर में टीम का स्कोर बिना कोई विकेट के 71 रन पहुंचा दिया। इस बीच मैकुलम ने मात्र 22 गेंदों में फिफ्टी लगाई।
बड़ी हिट लगाने के चक्कर में 7वें ओवर में मोर्न मोर्कल की गेंद पर कप्तान मैकुलम (59) अपना कैच बाउंड्री पर डेल स्टेन को थमा बैठे। मैकुलम को आउट कर अपनी टीम को बड़ी राहत देने के बाद अपने अगले ओवर मोर्कल ने केन विलियम्सन (6) को बोल्ड कर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया।
10 रनों के अंदर 2 विकेट गंवाने के बाद रॉस टेलर ने मार्टिन गुप्टिल (34) के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी कर टीम को झटकों से उबारा। इस बीच टेलर की कॉल पर रन लेने के प्रयास में गुप्टिल रन आउट हो गए। टेलर भी ज्यादा देर तक क्रीज पर डटे नहीं रह सके और 22वें ओवर में उन्हें 30 रन के निजी स्कोर पर पार्ट टाइम गेंदबाज जेपी डुमिनी ने विकेट के पीछे कैच आउट करा दिया।