धवन-कोहली के शतक, गेंदबाजों ने भारत को जीत के करीब पहुंचाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाले में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शिखर धवन और कप्तान विराट कोहली ने अपने कल की पारी को आगे बढ़ाया और टीम को बड़ी बढ़त दिला दी। लंच से पहले जहां धवन ने करियर का चौथा शतक जमाया, वहीं कोहली ने लंच के बाद अपना 11वां शतक ठोंक दिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां कि्लक करें।
भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में भी कमाल दिखाया और महज एक रन पर श्रीलंका के 2 विकेट झटक लिए। पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले आर अश्विन ने पहले ही ओवर में मेजबान टीम को झटका दे दिया। इसके बाद अगले ओवर में अमित मिश्रा ने भी सफलता हासिल कर ली। खेल खत्म होने तक श्रीलंका का स्कोर 2 विकेट पर 5 रन था और वह भारत के बनाए 375 रन के जवाब में 187 रन पीछे है जबकि उसके पास 8 विकेट ही शेष है।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने से आधे घंटे पहले ही भारतीय पारी 375 रन पर आउट हो गई। शिखर धवन (134) और कप्तान विराट कोहली (103) के शतक के बाद रिदिमान साहा ने करियर की सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 60 रन बनाए और टीम को चार सौ के करीब ले गए। भारत को पहली पारी के आधार पर 192 रनों की बढ़त हासिल हुई। मेजबान टीम की ओर से फिरकी गेंदबाज थिरूंडी कौशल 5 विकेट झटके।
मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के समय भारत ने दो विकेट पर 128 रन बनाए थे। भारत की ओर से ओपनर लोकेश राहुल और रोहित शर्मा सस्ते में आउट हो गए थे। इससे पहले अश्विन के 6 विकेटों के दम पर भारत ने श्रीलंका की पारी 50 ओवर के अंदर ही 183 रनों पर समेट दी थी।
अच्छी साझेदारी पर धीमी शुरुआत, 13 ओवर बाद पहला चौका
मैच के दूसरे दिन कल के नाबाद बल्लेबाज शिखर धवन और कप्तान विराट कोहली ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। दिन की पहली ही गेंद पर कोहली ने रन की शुरुआत कर दी। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी के बाद दोनों को दिन का पहला चौका लगाने के लिए 13 ओवर का इंतजार करना पड़ा। भारत ने दिन का खेल शुरू होने के बाद 72 गेंदों का सामना करने के बाद पहला चौका जमाया।
हालांकि इससे पहले कोहली ने दिन के चौथे ओवर में एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने 6 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फिफ्टी जमाया है। इससे पहले उनके बल्ले से आखिरी बार विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 50 से ज्यादा का स्कोर किया था। इस दौरान उन्होंने 12 अंतरराष्ट्रीय पारियां खेल डाली। लंच के बाद उन्होंने अपनी पारी को शतक में बदल दिया। यह उनके करियर की 11वीं सेंचुरी है।
इससे पहले खेल के डेढ़ घंटे के अंदर भारत ने पहली पारी के आधार पर श्रीलंका पर बढ़त हासिल कर ली। लंच पर जाने से पहले धवन ने करियर का चौथा शतक ठोंक दिया।
स्पिनरों की मददगार पिच पर अश्विन का जलवा
कोच रवि शास्त्री और कप्तान विराट कोहली की पांच गेंदबाजों की रणनीति का ऐसा शानदार असर देखने को मिलेगा, ऐसा कम ही लोगों ने सोचा होगा। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन बुधवार को तीन स्पिनरों और दो पेसरों के साथ खेलने उतरी भारतीय टीम ने आर अश्विन के जादुई प्रदर्शन की बदौलत महज 49.4 ओवर में 183 रन पर मेजबान टीम का पुलिंदा बांध दिया।
छह विकेट लेने वाले अश्विन को अमित मिश्रा से अच्छा साथ मिला, जिन्होंने दो बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। इशांत शर्मा और वरुण एरोन के खाते में एक-एक विकेट आया। जवाब में भारतीय टीम ने शिखर धवन (53) और विराट कोहली (45) की अटूट साझेदारी की बदौलत दो विकेट खोकर 128 रन बना लिए हैं। लोकेश राहुल 7 और रोहित शर्मा 9 रन बनाकर आउट हुए।
स्पिनरों की मददगार पिच को देखते हुए इस बात की उम्मीद कम ही है कि भारत चौथी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरे। मतलब साफ है कि महज 83.4 ओवरों के खेल में कप्तान कोहली की सेना को जीत की महक आनी शुरू हो गई है।
अगर टीम पहली पारी में 180-200 रन की बढ़त लेने में कामयाब रही तो फिर श्रीलंका के लिए यह टेस्ट बचाना बेहद मुश्किल हो जाएगा।