राजकोट वनडे में हारी टीम इंडिया, सीरीज में पिछड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजकोट में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन मध्य क्रम की नाकामी ने मेजबान को हार की ओर ढकेल दिया। 5 मैचों की सीरीज में भारत फिर से पिछड़ गया है और अफ्रीकी टीम ने 2-1 से बढ़त बना ली है।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
दक्षिण अफ्रीका से मिले 271 रनों के लक्ष्य के जवाब में 50 ओवर में 6 विकेट पर 252 रन ही बना सकी। भारत की ओर विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 99 गेंदों पर 77 रन बनाए। कोहली के अलावा रोहित शर्मा 65 रनों का योगदान दिया। भारत का स्कोर 2 विकेट पर 193 रन था लेकिन इसके बाद अगले 21 रन के अंदर टीम के 4 विकेट गिर गए।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 270 रन बनाए। उसकी ओर से कॉक ने 118 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली। उसका भारत के खिलाफ यह चौथा वनडे शतक है। फैफ डु प्लेसिस ने भी 60 रनों का योगदान दिया।
भारत के लिए तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने 2 जबकि हरभजन सिंह, अमित मिश्रा और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली। हरभजन सिंह और अक्षर पटेल ने 20 ओवर में 79 रन ही दिए।
8 महीने बाद कोहली के बल्ले से निकली फिफ्टी
दक्षिण अफ्रीका के सम्मानजनक स्कोर (271 रन) का पीछा करने उतरी भारतीय बल्लेबाजों की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। लेकिन धवन 13 रन के स्कोर पर 11वें ओवर में अफ्रीकी टीम का पहला शिकार बन गए।
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने तीसरे नंबर के क्रम पर फिर प्रयोग किया। पिछली बार अजिंक्य रहाणे उतरे थे, इस बार विराट कोहली को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने भेजा। कोहली ने इस बार धैर्य से बल्लेबाजी की।
रोहित (65) के रूप में भारत के दूसरे विकेट का पतन 24वें ओवर में हुआ। इससे पहले छक्का के साथ उन्होंने अपने पचास रन पूरे किए। कोहली और रोहित के बीच दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई।
रोहित के जाने के बाद चौथे नंबर पर खुद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी करने उतरे आए और उन्होंने कोहली के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को 180 के पार पहुंचाया। इस बीच कोहली ने 8 महीने के लंबे इंतजार के बाद वनडे में फिफ्टी ठोंक दी। उन्होंने इससे पहले आखिरी बार वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ फिफ्टी मारी थी।
फिर आखिर में जल्दबाजी कर गए भारतीय बल्लेबाज
विराट कोहली और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर बल्लेबाजी कर रह थे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई। धोनी 3 रन से फिफ्टी से चूके।
धोनी के बाद क्रीज पर आए रैना खाता नहीं खोल सके। वह वनडे सीरीज में लगातार फ्लॉप हो रहे हैं। रैना के बाद कोहली 77 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया लेकिन ऐन वक्त पर टीम को गच्चा दे गए और आउट हो गए।
उनके बाद क्रीज पर पहुंचे अजिंक्य रहाणे (4) का आना और जाना पता ही नहीं चला। उनकी बल्लेबाजी में क्रम से काफी नीचे भेजे जाने का गुस्सा साफ दिखा। वह बिना कोई योगदान दिए पवेलियन लौट गए।
जहां एक तरफ जीत की दहलीज पर खड़ी टीम इंडिया आखिर में खराब शॉट्स चयन टीम को मैच ले डूबा।
'टर्बनेटर' भज्जी ने दिलाई टीम इंडिया को शुरुआती राहत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने टीम ने ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। क्विंटन डी कॉक के साथ हाशिम अमला की जगह डेविड मिलर बल्लेबाजी करने उतरे। मिलर और कॉक ने पहले धीमी गति से खेला लेकिन जल्द ही लय हासिल कर ली।
दोनों बल्लेबाजों ने 5 ओवर के बाद तेज खेल दिखाया और मैदान के चारों ओर चौके लगाकर अपने हाथ खोले और भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया। 11वें ओवर में भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को गेंदबाजी करने अमित मिश्रा को उतारना पड़ा। मिश्रा भी टीम इंडिया को ब्रेक थ्रू नहीं दिला सके।
लेकिन 14वें ओवर में टर्बनेटर हरभजन सिंह ने डेविड मिलर (33) को आउट कर भारत को लंबे इंतजार के बाद पहला ब्रेक थ्रू दिलाया। हालांकि अमित ब्रेक थ्रू दिलाने में सफल न रहे हो लेकिन दूसरी सफलता लेकर ही माने। उन्होंने हाशिम अमला (5) को सस्ते में आउट कर भारत को बड़ी राहत दी।
भारतीय गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों पर लगाया अंकुश
दक्षिण अफ्रीकी टीम के टी-20 कप्तान फैफ डु प्लेसिस जब बल्लेबाजी करने पहुंचे तो उन्होंने ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक के साथ रन बनाना शुरू किया। प्लेसिस के लिए राजकोट का मैदान और रविवार का दिन बेहद खास रहा। उन्हें एक बार नहीं दो बार जीवनदान मिला।
पहले 26वें ओवर में जब तेज गेंदबाज मोहित शर्मा की गेंद पर विराट कोहली ने प्लेसिस का कैच लपका तो अंपायर ने गेंद नोबॉल करार दे दी। ठीक 4 गेंद बाद अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे अचानक प्लेसिस का कैच उछला और सुरेश रैना उनका कैच छोड़ बैठे।
बस दो जीवनदान के साथ ही प्लेसिस ने भारत को आसानी से तीसरा चांस नहीं दिया और फिफ्टी जमा दी। हालांकि 60 रन बनाकर वह मोहित का शिकार हुए। लेकिन आउट होने से पहले प्लेसिस ने क्विंटन के साथ तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की शतकीय पार्टनरशिप पूरी की। प्लेसिस के बाद क्विंटन (103) रन आउट हुए। आउट होने से पहले उन्होंने भारत के खिलाप अपना चौथा शतक पूरा किया।
अगले ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर कप्तान एबी डीविलियर्स (4) पगबाधा आउट हुए। इस तरह 5 रनों के भीतर अफ्रीकी टीम के तीन विकेट गिर गए। छठे विकेट के रुप में जेपी डुमिनी (14) भारत का अगला शिकार हुए। उन्हें मोहित ने आउट किया। आखिरी ओवर में भुवनेश्वर की गेंद पर डेल स्टेन रनआउट हुए। भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में बेहद कसी हुई गेंदबाजी की जिस कारण अफ्रीकी टीम अंतिम 11 ओवर में 65 रन ही बना पाई।