मैदान में चोटिल हुए एक और क्रिकेटर की मौत
कोलकाता के क्रिकेटर अंकित केसरी की तीन दिन अस्पताल में इलाज के बाद दिल के दौरे से मौत हो गई है। उन्हें शुक्रवार को मैच के दौरान चोट लग गई थी, जिसके बाद ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अंकित करीब 19 साल के थे, जो ईस्ट बंगाल क्लब की तरफ से क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल नॉकआउट टूर्नामेंट में भवानीपुर क्लब के खिलाफ खेल रहे थे। अंकित दाएं हाथ के बल्लेबाज थे।
इस मैच के दौरान जब अंकित एक कैच को लेने के लिए दौड़े तो उनकी टक्कर उस समय बॉलिंग कर रहे खिलाड़ी सौरभ मंडल से हो गई और वह बेहोश होकर मैदान में ही गिर पड़े।
फोटो: साभार- वन इंडिया
44वें ओवर की है घटना
यह घटना मैच के 44वें ओवर में हुई, जब भवानीपुर क्लाब के प्रिनाम दत्ता बल्लेबाजी कर रहे थे। इन्हीं का कैच लेने की कोशिश के दौरान अंकित को चोट लगी थी।
अंकित को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पहले तो उनकी हालत सुधरती रही, लेकिन बाद में उनकी हालत स्थिर हो गई। रविवार की रात को उन्हें दिल का दौरा पड़ा और सोमवार सुबह डॉक्टरों ने दिल के दौरे से उनकी मौत की पुष्टि कर दी।
इस दुखद घटना के बाद ईस्ट बंगाल क्लब का सोमवार को होने वाला मैच कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। सीएबी के कोषाध्यक्ष बिश्वरूप डे ने अंकित की मौत पर कहा है कि उन्होंने एक बहुत अच्छा खिलाड़ी खो दिया है।