KKR vs GT: कोलकाता ने आखिरी ओवर में 29 रन का पीछा किया, गुजरात की पहली हार, रिंकू ने बेकार की राशिद की हैट्रिक
कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले ने चार बार अपनी करवट बदली। अंत में रिंकू सिंह ने सिर्फ पांच गेंद में मैच पलट दिया। उन्होंने 2016 विश्व कप में कार्लोस ब्रैथवेट के कारनामे को पीछे छोड़ते हुए आखिरी पांच गेंदों में छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
विस्तार
गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए थे। गुजरात के लिए विजय शंकर ने नाबाद 63, साई सुदर्शन ने 53 और शुभमन गिल ने 39 रन की पारी खेली। वहीं, कोलकाता के लिए सुनील नरेन ने तीन और सुयश शर्मा ने एक विकेट लिया। इसके जवाब में कोलकाता ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 207 रन बनाए और मैच जीत लिया। कोलकाता के लिए वेंकटेश अय्यर ने 83, नीतीश राणा ने 45 और रिंकू सिंह ने नाबाद 48 रन बनाए। गुजरात के लिए राशिद खान ने तीन और अल्जारी जोशेप ने दो विकेट लिए। जोशुआ लिटिल और मोहम्मद शमी को एक-एक विकेट मिले।
𝗥𝗜𝗡𝗞𝗨 𝗦𝗜𝗡𝗚𝗛! 🔥 🔥
— IndianPremierLeague (@IPL) April 9, 2023
𝗬𝗼𝘂 𝗔𝗯𝘀𝗼𝗹𝘂𝘁𝗲 𝗙𝗿𝗲𝗮𝗸! ⚡️ ⚡️
Take A Bow! 🙌 🙌
28 needed off 5 balls & he has taken @KKRiders home & how! 💪 💪
Those reactions say it ALL! ☺️ 🤗
Scorecard ▶️ https://t.co/G8bESXjTyh #TATAIPL | #GTvKKR | @rinkusingh235 pic.twitter.com/Kdq660FdER
गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की थी। शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। साहा के आउट होने के बाद गिल ने साई सुदर्शन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की और टीम का स्कोर 100 रन तक ले गए। इसके बाद वह 39 रन बनाकर आउट हो गए। अभिनव मनोहर भी 14 और साई सुदर्शन 38 गेंद में 53 रन बनाकर चलते बने।
विजय शंकर का तूफान, आखिरी दो ओवर में गुजरात ने 45 रन बनाए
18 ओवर तक इस टीम का स्कोर चार विकेट पर 159 रन था। इसके बाद विजय शंकर की तूफानी पारी के चलते गुजरात ने दो ओवर 45 रन बनाए और कोलकाता के सामने 205 रन का लक्ष्य रखा। शंकर 24 गेंद पर 63 रन और मिलर दो रन बनाकर नाबाद रहे। कोलकाता के लिए तीन विकेट लेने वाले सुनील नरेन के अलावा कोई भी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर सका।
205 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। कोलकाता ने 28 रन पर दो विकेट गंवा दिए और ऐसा लगा कि यह टीम आसानी से मैच हार जाएगी। गुरबाज 15 और जगदीसन छह रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वेंकटेश अय्यर और नीतीश राणा ने शतकीय साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। नीतीश 29 गेंद में 45 रन बनाकर अल्जारी जोशेप का शिकार बने, लेकिन अय्यर लगे रहे।
राशिद खान की हैट्रिक ने पलटा मैच
15 ओवर में कोलकाता ने तीन विकेट पर 149 रन बना लिए थे। वेंकटेश 79 रन बनाकर खेल रहे थे और कोलकाता को जीत के लिए 30 गेंद में 56 रन की जरूरत थी। ऐसे में लग रहा था कि यह टीम आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लेगी। हालांकि, इसके बाद मैच पलटा। अल्जारी जोशेप ने वेंकटेश को 83 रन के स्कोर पर आउट किया और अगले ओवर में राशिद खान ने हैट्रिक ले ली। उन्होंने आद्रे रसेल, सुनील नरेन और शार्दुल ठाकुर को आउट कर मैच पलट दिया। अब गुजरात की जीत तय नजर आ रही थी।
19 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर सात विकेट पर 176 रन था। रिंकू सिंह 16 गेंद में 18 और उमेश यादव पांच गेंद में चार रन बनाकर खेल रहे थे। ऐसे में गुजरात की जीत तय दिख रही थी, लेकिन यश दयाल के आखिरी ओवर की पहली गेंद में उमेश यादव ने एक रन लिया और बाकी पांच गेंदों में रिंकू सिंह ने पांच छक्के जड़ दिए। इसके साथ ही कोलकाता की टीम मैच तीन विकेट से जीत गई। आखिरी ओवर में कोलकाता ने 31 रन बनाकर जीत हासिल की।
रिंकू ने कार्लोस ब्रैथवेट को पीछे छोड़ा
आईपीएल के इतिहास में पहली बार कोई टीम आखिरी ओवर में 29 रन के लक्ष्य का पीछा करने में सफल रही है। इससे पहले आखिरी ओवर में धोनी ने पुणे के लिए सबसे ज्यादा 23 रन का लक्ष्य हासिल किया था। रिंकू सिंह ने वेंस्टइंडीज के कार्लोस ब्रैथवेट को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2016 टी20 विश्व कप के फाइनल में लगातार चार छक्के लगाकर वेस्टइंडीज को जीत दिलाई थी। रिंकू ने इस मैच में लगातार पांच छक्के लगाकर कोलकाता को जीत दिला दी।