रहाणे से कोहली का कप्तानी का जिम्मा लेना एक 'रोचक कहानी', जानिए पीटरसन की जुबानी
भारत और इंग्लैंड के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज कीशुरुआत पांच फरवरी से चेन्नई में होगी। इससे पहले पूर्व इंग्लिश कप्तान केविन पीटरसन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारत को शानदार जीत दिलाने वाले अजिंक्य रहाणे से विराट कोहली का कप्तानी का जिम्मा लेना एक रोचक कहानी की तरह है।
स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम 'क्रिकेट कनेक्टेड' में पीटरसन ने कहा, 'कोहली, एंडरसन, रहाणे कैसा प्रदर्शन करेंगे, यह देखना होगा। ऑस्ट्रेलिया में रहाणे के द्वारा टीम का नेतृत्व करने के बाद कोहली फिर से वापस आ गए हैं। कैसा सामंजस्य बैठेगा? यह एक बहुत ही दिलचस्प चर्चा होने जा रही है। इस श्रृंखला के दौरान इस बारे में काफी बातें होगी।'
उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड की टीम में जोफ्रा आर्चर है, क्या वह पुजारा को आउट कर पाएंगे? बुमराह भी वापस आ गए है। इस टेस्ट सीरीज में बहुत सारी अलग-अलग संभावनाएं हो सकती हैं, लेकिन मुझे लगता है कि इस श्रृंखला के दौरान एक बहुत ही दिलचस्प कहानी चलने वाली है ऑस्ट्रेलिया में रहाणे द्वारा शानदार कप्तानी के बाद कोहली की इस भूमिका में वापसी के मुद्दे पर काफी चर्चा होगी।'
पीटरसन ने कहा, 'भारत को घरेलू माहौल का फायदा मिलेगा। कोहली वापस आ गए हैं। इंग्लैंड ने पहले दो टेस्ट मैचों के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम नहीं चुनी है। मुझे लगता है कि जॉनी बेयरस्टॉ को यहां होना चाहिए था लेकिन मुझे नहीं लगता की वह यहां है।' उन्होंने कहा, 'भारत निश्चित रूप से जीत का दावेदार है। 100 प्रतिशत दावेदार हैं, क्योंकि इंग्लैंड ने अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम नहीं चुनी है या वे (इंग्लैंड) निश्चित रूप से अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम के साथ श्रृंखला शुरू नहीं कर रहे हैं।'
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज डोमिनिक कार्क का भी मानना है कि भारतीय टीम इस श्रृंखला को जीतेगी। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि भारत श्रृंखला जीतेगा। मुझे लगता है कि इंग्लैंड भी अब बेहतर स्थिति में है। इंग्लैंड ने हाल ही में श्रीलंका को हराया है और स्टोक्स, आर्चर तथा बर्न्स जैसे खिलाडियों की टीम में वापसी मददगार होगी। इसके बाद भी मुझे लगता है कि भारत बहुत मजबूत है और श्रृंखला जीतेगा।'