शतकवीर केदार जाधव ने युवराज को पछाड़ा, जानिए कैसे
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में केदार जाधव हिट रहे। 6वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जाधव ने शानदार बल्लेबाजी की और आतिशी ढंग से शतक ठोका।
केदार ने डेब्यू सेंचुरी लगाकर 6 रन से युवराज को पीछे छोड़ दिया है। दरअसल, 6वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की ओर से युवराज सिंह का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 98 रन नाबाद है। जिसे जाधव ने ध्वस्त कर दिया है।
युवराज ने 1 अगस्त 2001 में श्रीलंका के खिलाफ 89.09 रन रेट से 98 रन नाबाद बनाए थे। मंगलवार को जिम्बाब्वे और भारत के मैच से पहले युवराज यह रिकॉर्ड बनाने वाले चौथे बल्लेबाज थे। अब पांचवें नंबर पर खिसक गए है।
पर कपिल देव और सुरेश रैना को नहीं पछाड़ पाए
केदार जाधव की जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई पारी धुआंधार रही। उन्होंने 87 गेंद खेली और 12 चौके और एक छक्के की मदद से 105 रन नाबाद बनाए। जाधव की आतिशी पारी की बदौलत टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
जाधव ने वर्ल्ड कप 2011 के हीरो युवराज सिंह को तो पछाड़ दिया लेकिन महान कप्तान कपिल देव, अजय जडेजा और सुरेश रैना को पीछे नहीं छोड़ पाए। टीम इंडिया में 6वें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले सर्वश्रेष्ठ स्कोरर क्रिकेटरों में कपिल देव सबसे ऊपर है।
उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 18 जून 1983 में 175 रन नाबाद बनाए थे। उसके बाद अजय जडेजा हैं, उन्होंने 17 अगस्त 1997 श्रीलंका के खिलाफ 119 रन बनाए थे। जबकि सुरेश रैना ने भी श्रीलंका के खिलाफ 13 जनवरी 2010 को 106 रन की शतकीय पारी खेली थी।