बटलर के शतक से इंग्लैंड की जीत, पाकिस्तान को 12 रन से रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जोस बटलर (110) की शतकीय पारी के बाद डेविड विली और लियाम प्लंकेट की जबरदस्त गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दूसरे वनडे में 12 रनों से हराया। इसके साथ ही इंग्लैंड पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से आगे हो गया है। सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
साउथम्पटन में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरुआत की। दूसरे वनडे के लिए जेम्स विंस की जगह प्लेइंग इलेवन में आए जेसन रॉय ने जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 115 रनों की शानदार साझेदारी बनाई।
रॉय ने 98 गेंदो पर 87 रनों की पारी खेली, वहीं बेयरस्टो ने 45 गेंदो पर 51 रन बनाए और बड़े स्कोर की नींव रखी। 36 ओवर तक इंग्लैंड ने 211 के स्कोर पर तीन विकेट खो दिए और दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। यहां से कप्तान इयोन मोर्गन और जोस बटलर ने पारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी बनाई।
मोर्गन ने 48 गेंदो पर नाबाद 71 रन बनाए। जबकि बटलर ने मात्र 55 गेंदो पर 6 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 110 रन जड़े। जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने 50 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 373 रन बनाए।
374 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम को फखर जमान ने अच्छी शुरुआत दिलाई। जमान ने इमाम उल हक के साथ पहले विकेट के लिए 92 रन जोड़े। और फिर 15वें ओवर में इमाम के आउट होने के बाद पारी को संभाला। जमान ने 106 गेंदो पर 138 रनों की पारी खेली।
30 ओवर तक इंग्लैंड की टीम को दूसरी सफलता नही मिली और पाकिस्तान ने 200 का आंकड़ा पार कर लिया। 33वें ओवर में जमान को विकेट के पीछे कैच आउट करा क्रिस वोक्स ने इंग्लैड को बड़ी सफलता दिलाई। जिसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया।
बाबर आजम और आसिफ अली ने अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन 46 ओवर तक दोनों ही खिलाड़ी पवेलियन लौट गए। इंग्लैंड की ओर से डेविड विली और लियाम प्लंकेट ने 2-2 जबति वोक्स, मोइन अली और आदिल राशिद ने 1-1 विकेट लिया। पाक टीम 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 361 रन ही बना सकी और 12 रन से मैच हार गई।