न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और मौजूदा कमेंटेटर साइमन डूल ने आईपीएल में कीवी खिलाड़ियों की अनदेखी का आरोप लगाया है। यही नहीं उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को दूसरे दर्जे (बी ग्रेड) का खिलाड़ी तक कह डाला। डूल ने यह टिपण्णी रविचंद्रन अश्विन के उस ट्वीट के रिप्लाई में की, जिसमें उन्होंने न्यूजीलैंड के क्रिकेटर डेवोन कॉन्वे की तारीफ की थी।
पूर्व क्रिकेटर ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को कहा बी ग्रेड, IPL की नीलामी पर भी भड़के
कॉन्वे की पारी को देखकर अश्विन ने एक दिलचस्प ट्वीट किया। अश्विन ने लिखा, 'शानदार पारी लेकिन आपको चार दिन की देरी हो गई'। अश्विन का यह ट्वीट आईपीएल नीलामी को लेकर था क्योंकि 18 फरवरी को 14वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई थी, जिसमें कॉन्वे ने भी 50 लाख की बेस प्राइस के साथ हिस्सा लिया था। हालांकि उन्हें कोई खरीददार नहीं मिला।
Devon Conway is just 4 days late, but what a knock 👏👏👏 #AUSvNZ
— Ashwin 🇮🇳 (@ashwinravi99) February 22, 2021
उधर अश्विन के ट्वीट पर न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर साइमन डूल ने भी कमेंट किया। डूल ने लिखा, 'पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि यह मायने रखता है। आईपीएल में वर्षों से दूसरे दर्जे के आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के सामने न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया जाता रहा है। लगता है कि आईपीएल के बाहर केवल बिग बैश प्रतियोगिता ही ऐसी है जिसके प्रदर्शन पर गौर किया जाता है।’
डूल के इस कमेंट पर अश्विन ने तो कुछ नहीं कहा लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा। इसपर डूल ने दोबारा एक ट्वीट किया और लिखा, ‘संदर्भ पर आओ। मैंने किसी के नाम का जिक्र नहीं किया इसलिए ट्रोलिंग बंद करो। आईपीएल जब से शुरू हुआ तब से 94 आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को 886 करोड़ रुपये में चुना गया जबकि न्यूजीलैंड के 31 खिलाड़ी ही चुने गए और उनपर 212 करोड़ रुपये खर्च किए गए। दोनों देशों के छह प्रथम श्रेणी टीमें है और दोनों की घरेलू टी-20 प्रतियोगिताएं हैं। यह बीबीएल (बिग बैश) के समय और उसे देखने से जुड़ा है।’
Just some context. I did not mention any names so stop trolling.
— Simon Doull (@Sdoull) February 22, 2021
Since IPL started 94 Aussies at combined 886 Crore.
31 NZ players 212 Crore. Both countries have 6 first class teams and both have domestic T20 comps. It’s more about timing and viewing of BBL. #balance #scouting
बता दें कि कॉन्वे को भले ही आईपीएल में किसी फ्रैंचाइजी ने नहीं खरीदा लेकिन उनके देश के काइल जैमीसन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 15 करोड़ रुपये और एडम मिल्ने को मुंबई इंडियंस ने 3.2 करोड़ रुपये की मोटी धनराशि में खरीदा।