IPL 2022 Replacement: अब तक चोटिल आठ में से छह खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट मिले, इन दो की जगह फ्रेंचाइजियों को नहीं मिल सका कोई नाम
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 15वां सीजन तेजी से आगे बढ़ रहा है। दो नई टीमों और अधिक खिलाड़ियों के साथ खेले जा रहे टू्र्नामेंट में अब तक 32 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान फ्रेंचाइजियों को खिलाड़ियों की चोट से भी जूझना पड़ा है। इसमें सबसे बड़ा नुकसान चेन्नई सुपर किंग्स को हुआ है।
विस्तार
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 15वां सीजन तेजी से आगे बढ़ रहा है। दो नई टीमों और अधिक खिलाड़ियों के साथ खेले जा रहे टू्र्नामेंट में अब तक 32 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान फ्रेंचाइजियों को खिलाड़ियों की चोट से भी जूझना पड़ा है। इसमें सबसे बड़ा नुकसान चेन्नई सुपर किंग्स को हुआ है। उसके सबसे महंगे और स्टार खिलाड़ी दीपक चाहर बिना कोई मैच खेले पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। इसका असर चेन्नई के प्रदर्शन पर साफ तौर पर देखने को मिला है। आइए जानते हैं कि अभी तक किस टीम के कौन से खिलाड़ी चोटिल या बाहर हुए हैं और उनकी जगह किन खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है।
गुजरात टाइटंस ने रहमानुल्लाह गुरबाज को जोड़ा
गुजरात टाइटंस के जेसन रॉय ने सीजन के शुरू होने से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था। उन्होंने बायो बबल की दिक्कतों का हवाला देकर लीग से हटने की जानकारी दी थी। इसके बाद गुजरात ने उनकी जगह अफगानिस्तान के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को बतौर रिप्लेसमेंट अपने साथ जोड़ा था।
कोलकाता ने एरॉन फिंच को चुना
कोलकाता नाइट राइडर्स के एलेक्स हेल्स ने भी सीजन के शुरू होने से पहले लीग से हटने का एलान किया। उन्होंने भी बायो बबल की परेशानियों और परिवार के साथ समय बिताने का हवाला दिया। उनकी जगह पर केकेआर ने ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया।
लखनऊ से जुड़े एंड्रयू टाय
लखनऊ सुपर जाएंट्स के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने चोट की वजह से अपना नाम वापस ले लिया था। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने 7.5 करोड़ की भारी भरकम राशि में खरीदा था। टीम ने वुड की जगह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज एंड्रयू टाय को अपने साथ जोड़ा।
आरसीबी से जुड़े रजत
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विकेटकीपर बल्लेबाज लवनीत सिसोदिया चोटिल होकर बाहर हुए तो उनकी जगह आरसीबी ने रजत पाटीदार को अपने साथ जोड़ा।
केकेआर को मिला रसिख सलाम का रिप्लेसमेंट
कोलकाता नाइट राइडर्स को दूसरा झटका रसिख सलाम के रूप में लगा। जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाद दो मैच खेलने के बाद चोटिल होकर सीजन से बाहर हो गए। उनकी जगह केकेआर ने हर्षित राणा को बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया।
चेन्नई को नहीं मिला दीपक चाहर का रिप्लेसमेंट
चेन्नई सुपर किंग्स के दो खिलाड़ी चोटिल हुए, लेकिन टीम ने सिर्फ एक के रिप्लेसमेंट का एलान किया। सीएसके ने एडम मिल्ने की जगह श्रीलंकाई युवा तेज गेंदबाज मथीसा पथिराना को अपने साथ जोड़ा। मिल्ने पहले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। चेन्नई ने हालांकि दीपक चाहर की जगह किसी को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल नहीं किया है।
राजस्थान ने लिया कुल्टर नाइल का रिप्लेसमेंट
राजस्थान रॉयल्स के स्टार तेज गेंदबाद नॉथन कुल्टर नाइल भी पहले मैच में चोटिल हो गए थे लेकिन टीम ने उनके भी रिप्लेसमेंट के लिए किसी को नाम नहीं दिया।