IPL 2020: स्टोक्स की वापसी से मिलेगी RR को ताकत, SRH के खिलाफ मैच में रॉयल्स को जीत की तलाश
लगातार चार हार से परेशान राजस्थान रॉयल्स को अपने ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की कमी खल रही है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले में उनकी वापसी से टीम को जीत की राह मिलने की उम्मीद है। रॉयल्स ने दो जीत के बाद लगातार चार मैचों में पराजय का सामना किया है। वहीं सनराजइर्स ने छह में से तीन मैच जीते हैं और वह पांचवें स्थान पर है।
टीम से जुड़ सकते हैं स्टोक्स
स्टोक्स का अनिवार्य एकांतवास शनिवार को पूरा हो गया। उनकी गैर मौजूदगी में टीम का संतुलन बिगड़ा है और अभी तक सही संयोजन नहीं मिल सका है। अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान स्टोक्स बीच में ही न्यूजीलैंड चले गए थे, जहां उनके पिता का कैंसर का इलाज चल रहा है। दिल्ली के खिलाफ शुक्रवार को हुए मैच में रॉयल्स की ओर से यशस्वी जायसवाल (34) और राहुल तेवतिया (38) को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। जोस बटलर, स्टीव स्मिथ और संजू सैमसन अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए। सैमसन और स्मिथ पहले दो मैचों के बाद बल्ले से कमाल नहीं कर सके। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, तेवतिया और श्रेयस गोपाल ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
लय में आ चुके हैं सनराइजर्स
दूसरी ओर सनराइजर्स ने लगातार पराजयों के बाद सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो और स्पिनर राशिद खान के उम्दा प्रदर्शन से किंग्स इलेवन पंजाब को तीन विकेट से हराया। सनराइजर्स के लिए पंजाब के खिलाफ बेयरस्टो ने 55 गेंद में 97 रन बनाए। उन्होंने दिल्ली और बैंगलोर के खिलाफ भी अच्छी बल्लेबाजी की। अभी तक 227 रन बना चुके कप्तान डेविड वॉर्नर अपना अच्छा फॉर्म कायम रखना चाहेंगे, जिन्होंने पिछले मैच में 40 गेंद में 52 रन बनाए। मनीष पांडे और केन विलियमसन पारी के सूत्रधार की भूमिका निभा सकते हैं। प्रियम गर्ग, अब्दुल समद और अभिषेक शर्मा ने भी प्रभावित किया है। गेंदबाजों में राशिद और यॉर्कर विशेषज्ञ टी नटराजन ने उम्दा प्रदर्शन किया है।
संभावित एकादस
राजस्थान रॉयल्स:
जोस बटलर (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), बेन स्टोक्स, महिपाल लोमरोर, राहुल तेवतिया, श्रेयस गोपाल, जोफ्रा आर्चर, वरुण आरोन, कार्तिक त्यागी
सनराइजर्स हैदराबाद:
डेविड वार्नर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मनीष पांडे, केन विलियमसन, प्रियम गर्ग, अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा, राशिद खान, टी नटराजन, खलील अहमद, संदीप शर्मा