IPL 2019: मुंबई ने दर्ज की पहली जीत, रोमांचक मैच में बैंगलोर को 6 रन से हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई ने कप्तान रोहित शर्मा (33 गेंदों में 48 रन) सूर्यकुमार यादव (38) और अंत में हार्दिक पांड्या की तेज पारियों (14 गेंदों में 32 रन) की बदौलत इंडियन टी-20 लीग के सातवें मुकाबले में बैंगलोर को 6 रन से हरा दिया। इसके साथ ही मुंबई ने इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की है। जसप्रीत बुमराह को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट झटके।
बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस हराकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। जवाब में बैंगलोर की टीम निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 181 रन ही बना सकी और मैच हार गई। बैंगलोर की तरफ से एबी डीविलियर्स ने 41 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौके की मदद से नाबाद 70 रन की धुआंधार पारी खेली, जबकि कप्तान विराट कोहली ने 32 गेंदों में 6 चौके की मदद से 46 रन बनाए।
मुंबई के 187 के जवाब बैंगलोर टीम को मोईन अली के रूप में पहला झटका लगा। 7 गेंदों में 13 रन बनाकर खेल रहे मोईन अली को रोहित शर्मा ने डायरेक्ट थ्रो कर तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर रनआउट किया।
इसके बाद छठे ओवर की आखिरी गेंद पर पार्थिव पटेल भी (22 गेंदों में 31 रन) चलते बने। उन्हें अपना पहला ओवर फेंक रहे युवा लेग स्पिनर मयंक मार्कंडे ने क्ली बोल्ड किया। तीसरा विकेट कप्तान विराट कोहली के रूप में गिरा। चीकू आज अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन 32 गेंदों में 46 रन बनाने के बाद उन्हें जसप्रीत बुमराह ने चलता किया।
बैंगलोर के लिए फिरकी गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए तो उमेश यादव और मोहम्मद सिराज की झोली में 2-2 विकेट आया।
मुंबई की पारी
बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्ला थमाया। मुंबई के ओपनर्स ने अच्छी शुरुआत भी की। कप्तान रोहित शर्मा और विकेटकीपर क्विंटन डीकॉक के बीच पहले विकेट के लिए 6.3 ओवर्स में 54 रन की साझेदारी हो चुकी थी तभी डीकॉक 23 रन बनाकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर बोल्ड हो गए।
पहला विकेट गिरने के बावजूद रोहित शर्मा का तूफानी शो जारी थी। 8 चौका और 1 छक्का लगाते हुए मुंबई का यह कप्तान अर्धशतक के मुहाने पर तभी 10वें ओवर की चौथी गेंद पर उमेश यादव ने उन्हें चलता किया। आउट होने से पहले रोहित ने 33 गेंदो में 48 रन बनाए। सिराज ने उनका शानदार कैच लिया।
युवराज लगातार 3 छक्के लगाकर आउट
इसके बाद पिच पर युवराज सिंह आए और उन्होंने कुछ गेंदें खेलने के बाद धमाकेदार बल्लेबाजी शुरू कर दी। युवराज सिंह ने युजवेंद्र चहल के 14वें ओवर की तीन शुरुआती गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़ दिए लेकिन चौथी गेंद पर वो कैच आउट हो गए। उन्होंने 12 गेंदों पर 23 रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (24 गेदों की 38 रन) आउट हुए। जल्द ही खतरनाक पोलार्ड भी (6 गेंदों में 5 रन) चहल का ही शिकार बने।
हार्दिक का अंत में धमाल
इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला थमा नहीं। 17वें ओवर में क्रृणाल पांड्या (1) को उमेश यादव ने और 18वें ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद सिराज ने मैक्लेंघन को बोल्ड करके मुंबई को सातवां झटका दे दिया। अंतिम ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद सिराज ने मयंक मार्कंडे (6) को भी विकेट के पीछे कैच आउट कराते हुए डगआउट का रास्ता दिखा दिया, लेकिन अंत में हार्दिक पांड्या ने 14 गेंदों पर 32 रनों की धुआंधार पारी खेल डाली जिसके दम पर मुंबई की टीम 187 रन तक जा पहुंची।
टीमें इस प्रकार हैं:
विराट कोहली ने अपनी टीम बैंगलोर में जहां कोई बदलाव नहीं किए हैं तो मुंबई में कुछ बदलाव हैं। बेन कटिंग की जगह लसिथ मलिंगा इस टीम में शामिल हैं तो रसिक सलाम की जगह युवा लेग स्पिनर मयंक मार्कंडे भी टीम में हैं। दूसरी ओर चोटिल जसप्रीत बुमराह भी यह मैच खेलते नजर आएंगे।
आरसीबी: 1 विराट कोहली (कप्तान ), 2 पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), 3 मोईन अली, 4 एबी डिविलियर्स, 5 शिमरोन हेटमेयर, 6 शिवम दूबे, 7 कॉलिन डी ग्रैंडहोम, 8 नवदीप सैनी, 9 युजवेंद्र चहल, 10 उमेश यादव, 11 मोहम्मद सिराजमुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 3 सूर्यकुमार यादव, 4 युवराज सिंह, 5 कीरोन पोलार्ड, 6 हार्दिक पांड्या, 7 क्रुणाल पांड्या, 8 मयंक मार्कंडे, 9 मिशेल मैक्लेनाघन, 10 लसिथ मलिंगा, 11 जसप्रीत बुमराह