ईडन गार्डेंस पर गुरुवार शाम खेले जाने वाले कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के मैच से पहले मेजबान टीम के लिए बुरी खबर आ रही है। दिनेश कार्तिक की अगुवाई वाली केकेआर के अहम खिलाड़ी नितीश राणा अबतक पीठ दर्द से उबर नहीं पाए हैं, यही वजह है कि बुधवार को उन्होंने प्रेक्टिस सेशन तक में हिस्सा नहीं लिया था।
ऐसी स्थिति में अंक तालिका में सबसे ऊपर चल रही चेन्नई सुपरकिंग्स के सामने कोलकाता की दावेदारी कमजोर नजर आ रही है। राणा ने इस सीजन अब तक खेले 8 मैचों में 31.33 की औसत से 188 रन बनाए हैं। साथ ही लगातार दो मैचों में 'मैन ऑफ द मैच' का खिताब भी अपने नाम किया।
बल्ले के साथ गेंदबाजी में भी कमाल दिखाने वाले नितीश राणा की सेहत के बारे में केकेआर टीम के एक अधिकारी ने कहा, 'उनकी पीठ के निचले हिस्से में दर्द है। मेडिकल टीम मैच से पहले ही उनके बारे में फैसला करेगी।' याद हो कि रॉयल चैंलेंजर्स के खिलाफ हुए पिछले मैच में पीठ दर्द के चलते राणा को रिटायर्ट हर्ट होना पड़ा था।