IPL 10: पंजाब को रौंदकर मुंबई ने दर्ज की लगातार पांचवीं जीत, बटलर बने मैन ऑफ द मैच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंदौर में गुरुवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले में मुंबई ने पंजाब को 8 विकेट से मात देकर आईपीएल के दसवें सीजन में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ मुंबई 10 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में पहले पायदान पर काबिज हो गई है। इंदौर के होलकर स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी मुंबई को पंजाब ने हाशिम अमला के शानदार शतक की बदौलत जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य दिया। जिसे मुंबई ने 15.3 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई की ओर से पार्थिव पटेल, जोस बटलर और नीतीश राणा ने शानदार बल्लेबाजी की। जोस बटलर को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
LIVE SCORECARD
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई के लिए पार्थिव पटेल और जोस बटलर की जोड़ी ने आक्रामक शुरुआत की। दोनों आरंभिक बल्लेबाजों ने 4 ओवर से पहले ही स्कोर को 50 रन के पार पहुंचा दिया।अच्छी शुरुआत के बाद मुंबई को पहला झटका पार्थिव पटेल के रूप में लगा। धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे पार्थिव 37 के स्कोर पर स्टोइनिस को कैच दे बैठे। पहले विकेट के लिए पार्थिव और बटलर के बीच 81 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद भी बटलर ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उनका साथ फॉर्म में चल रहे नीतीश राणा ने दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 85 रन जोड़े। जल्दी मैच खत्म करने के चक्कर में बटलर मोहित शर्मा की गेंद पर कप्तान मैक्सवेल को कैच दे बैठे। बटलर ने 37 गेंदों में 77 रन बनाए। अपनी इस धुआंधार पारी में उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के जड़े। इसके बाद बाकी बचा काम नीतीश राणा ने हार्दिक पांड्या के साथ कर दिया। नीतीश ने 34 गेंद में 62 रन बनाए। अपनी इस पारी में नीतीश ने 7 छक्के जड़े। उन्होंने अपनी पारी में एक भी चौका नहीं लगाया। अंत में नीतीश 62 और हार्दिक पांड्या 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब के ओपनर हाशिम अमला ने 58 गेंदों मेंं नाबाद 104 रनों की पारी खेली। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत पंजाब ने मुंबई के सामने जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य रखा।
पंजाब के लिए हाशिम अमला और शॉन मार्श ने पंजाब की पारी की शुरुआत और पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। छठे ओवर में मार्श मैक्लेघन की गेंद पर पोलार्ड को कैच दे बैठे। मार्श ने 26 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए साहा ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके। वह क्रुनाल पांड्या की गेंद पर स्टंपिंग हो गए। साहा के बाद बल्लेबाजी के लिए कप्तान मैक्सवेल आए उन्होंने 18 गेंद पर 40 रन की धमाकेदार पारी खेली। बुमराह ने उनकी गिल्लियां बिखेर दीं। तीसरे विकेट के लिए अमला और मैक्सवेल के बीच 83 रन की साझेदारी हुई। कप्तान के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए मारकस भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। अमला पारी की शुरुआत से अंत तक टिके रहे और पंजाब को 200 रन के करीब पहुंचाया। यह आईपीएल में अमला का पहला शतक था। अमला ने अपनी शतकीय पारी में 8 चौके और 6 छक्के जड़े।